तीन गाड़ियां पकड़ी गईं, नौसड़ से मिट्टी लेकर शाहपुर जा रहे थे डंपर
चालक डंपर छोड़कर फरार, शाहपुर पुलिस ने दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के पादरी बाजार चौराहे के पास बुधवार की रात लगभग दो बजे के मिट्टी लदे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया। पता चला है कि डंपर तारामंडल के निवासी के नाम पर है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर के तिनकोनिया नंबर एक स्थित इस्टर्नपुर भटोलिया टोला निवासी 22 वर्षीय आकाश राजभर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह प्लंबर का काम करता था। बुधवार की रात 10 बजे के करीब पादरी बाजार निवासी अपने एक मित्र के साथ कहीं गया था, उसे घर छोड़ने के बाद रात करीब दो बजे बाइक से पादरी बाजार के आगे एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि असुरन से पादरी बाजार की तरफ आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने आकाश को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा कि पिता ने मुहल्ले के लड़कों के साथ घूमने के लिए डांट फटकार लगाई थी। इसी से नाराज होकर आकाश लगभग 10 दिनों से अपने घर नहीं जा रहा था। वह पादरी बाजार में एक प्रापर्टी डीलर के ऑफिस पर रहता था। बुधवार की रात लगभग 9:30 बजे के करीब 10 दिन बाद घर पहुंचा और मां से माफी मांगी। कहा कि अब गलती नहीं करेंगे। उसके बाद घर से निकल गया। दो बजे के करीब मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया। पादरी बाजार चौकी इंचार्ज पुरुषोत्तम आनंद सिंह ने बताया कि जिस डंपर से हादसा हुआ है, उसकी पहचान कर ली गई है। तारामंडल निवासी एक शख्स के नाम पर डंपर है। डंपर से रात में मिट्टी को शाहपुर इलाके में गिराया जा रहा था। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
......
पहले भी हुए हैं हादसे
12 जून 2023: तिवारीपुर में पिपरा निवासी सहीर अहमद का पैर डंपर से कुचलकर टूट गया था।
-12 मई 2023 की रात मोहद्दीपुर बाइक से बिजली कर्मचारी अपने घर जा रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बिजली कर्मचारी का मौके पर ही मौत हो गई।
-13 जुलाई 2022 को गुलरिहा एरिया के जैनपुर में डंपर की चपेट में आने से मंदिर के पुजारी रामआधार निषाद की मौत हो गई।
- 3 जनवरी 2022 को कैंट एरिया के मोहद्दीपुर से पैडलेगंज जाने वाली सड़क पर रंगरोगन और डिवाइडर पर रंगाई का कार्य चल रहा था। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर मौत हो गई।
- 5 जुलाई 2022 को ट्रांसपोर्ट नगर में झोपड़ी में सो रहे एक मजदूर को डंपर ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।