गोलघर में पैदल चलने वालाें को अब सड़क पर नहीं आना होगा, बरामदे से जा सकेंगे
रेती रोड फिर से हो गया 20 फीट चौड़ा, 1.39 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया
दिन में डीएम-एसएसपी ने कैमरे से देखा तो शाम में एक-एक चौराहे पर खुद निकले एसएसपी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोलघर में मंगलवार को एक बार फिर पुलिस-प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई की अगुवाई में टीम ने गोलघर के दुकानों के सामने बने बरामदे को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। अब इसका फायदा यह होगा कि पैदल जाने वालों को सड़क पर आने की जरूरत ही नहीं होगी। वह चाहे तो गणेश तिराहा से इंदिरा बाल बिहार तक बरामदे के रास्ते ही जा सकते हैं। पुलिस के हरकत में आते ही बरामदे से लोगों ने खुद कब्जा हटाया तो फुटपाथ को पुलिस ने खाली करा दिया।
उधर, रेती चौक पर सड़क पर सात फीट से ज्यादा दोनों साइड दुकानदारों ने टिनशेड की आड़ में कब्जा किया था। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने अपनी मौजूदगी में अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवा दिया तो सड़क फिर से 20 फीट चौड़ी हो गई। वहीं नगर निगम की ओर से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर 1.39 लाख का जुर्माना लगाया गया।
मंगलवार की सुबह डीएम कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर आईटीएमएस के कार्यालय पहुंच गए। वहां से दोनों अफसरों ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से शहर के यातायात को देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। दोपहर में नगर आयुक्त रेती रोड पर बुलडोजर के साथ पहुंचे।
अचानक पुलिस और प्रशासन के अफसरों को देखकर दुकानदारों ने अपना सामान पीछे कर लिया था, लेकिन अतिक्रमण को सही ठहराने लगे। निगम की टीम ने समझाया और सभी के अवैध निर्माण पर तत्काल बुलडोजर चला दिया गया। अब यहां से मलबा हटाने का काम किया जाना है।
गोलघर में दोपहर तीन बजे एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई, एएसपी मानुष पारिक, निरीक्षक कैंट रणधीर मिश्रा टीम के साथ पहुंचे और बचे हुए अतिक्रमण को हटवा दिया। बरामदे को खाली कराया और फुटपाथ को चलने लायक बना दिया। रेलवे स्टेशन रोड को पूरी तरह से मंगलवार को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर शाम चार बजे से लेकर देर रात शहर के एक-एक चौराहे पर पहुंचकर जाम लगने की वजहों को देखे और उसे हटाने का निर्देश दिए।
.......
बड़ा हो गया नौसड़ चौराहा, बाएं लेन से कब्जा हटाया
डीएम-एसएसपी के निरीक्षण के बाद नौसड़ तिराहे को अब बड़ा कर दिया गया है। बीचो बीच बने बेवजह के चौराहे को तोड़कर छोटा कर दिया गया। वहीं लखनऊ की ओर से आकर वाराणसी की ओर मुड़ने वाले मोड़ पर ही एक शख्स ने कमरा बनाकर कब्जा कर लिया था। उसे भी तोड़ दिया गया है। इस कार्रवाई से नौसड़ की जाम से निजात मिला है।
..
गीडा ऑफिस, दानापानी का कट बंद किया
गीडा रोड पर लगने वाले जाम की वजह अफसरों के निरीक्षण में अवैध कट सामने आया था। पुलिस ने गीडा ऑफिस के सामने के कट को बंद करा दिया। इसके अलावा दाना पानी रेस्त्रां के सामने के कट को भी बंद कर दिया गया। मंगलवार को सुबह, दोपहर और रात का वीडियो मंगाया गया तो इसके बाद जाम नजर नहीं आया।
ट्रैफिक सिग्नल बंद कर मैनुअल चला तो मोहद्दीपुर में राहत
तमाम कोशिशों के बाद भी मोहद्दीपुर में जाम से निजात न मिलने पर एसपी ट्रैफिक श्यामदेव ने यहां के ट्रैफिक सिग्नल को बंद करा दिया और मैनुअल चलाया। इसका फायदा सोमवार से ही देखने को मिल रहा है। सोमवारी जाम भी नहीं लगा और मंगलवार को भी जाम में लोगों को नहीं फंसना पड़ा। इसका तर्क है कि भीड़ के हिसाब से वाहनों को निकाला गया।
पुलिस ने संभाली कमान तो बड़हलगंज में नहीं लगा जाम
बड़हलगंज। गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर बड़हलगंज में पटना चौराहे पर पुलिस ने कमान संभाली तो मंगलवार को भी जाम नहीं लगा। यहां पर आसपास से अतिक्रमण को हटाकर यातायात को दुरुस्त कराने के लिए एक दरोगा सहित आठ ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए। अब जाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित कराया जा रहा है। ब्यूरो
नियम का उल्लंघन करने पर 996 वाहनों का चालान
गोरखपुर। एसपी ट्रैफिक श्यामदेव की अगुवाई में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ व बेहतर बनाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 996 वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए जिनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। ब्यूरो