गोरखपुर। दिव्यांगजनों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 29 सितंबर को एनेक्सी भवन, तारामंडल के सभागार में मोबाइल कोर्ट लगाया जाएगा। यह आयोजन मुख्य आयुक्त दिव्यांगजन, भारत सरकार और राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर होगा। मोबाइल कोर्ट में दिव्यांगजन अपनी समस्याओं और शिकायतों का निस्तारण करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें प्रार्थना पत्र, दिव्यांग प्रमाणपत्र की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति और एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना होगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठी ने बताया कि मोबाइल कोर्ट का उद्देश्य दूरदराज के दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराना है।