- गोला में कार की टक्कर से अधेड़ तो खोराबार में युवक की जान गई
- पुलिस ने कार को कब्जे में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोला और खोराबार इलाके में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। खोराबार में मंगलवार रात हादसे में सुनील निषाद (25) की मौत हो गई, जबकि बुधवार सुबह गोला में सैर पर निकले सुदामा प्रजापति (52) की जान कार की चपेट में आने से चली गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोला पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
गोला प्रतिनिधि के मुताबिक, सुरदापार राजा गांव निवासी सुदामा प्रजापति रोजाना सुबह सैर पर जाते थे। वे गोला-बड़हलगंज रामजानकी मार्ग स्थित भर्रोह चौराहे के पास पहुंचे थे कि बड़हलगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। कार की टक्कर से वह सड़क किनारे स्थित झाड़ियों में जा गिरे। इस दौरान कार भी पेड़ और दीवार से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शोर सुनकर चौराहे के लोग पहुंचे तो कार सवार दो लोगों को हल्की-फुल्की चोट देख कर उन्हें वाहन से बाहर निकाला और उनके गांव बारीगांव बनकटा रवाना कर दिया। उन्होंने बताया कि वे वाराणसी से आ रहे थे। थोड़ी देर बाद गांव के लोगों की नजर झाड़ी में पड़े सुदामा प्रजापति के शव पर पड़ी।
खोराबार प्रतिनिधि के मुताबिक, भैंसहा बाढ़न अकटहवा टोला निवासी सुनील निषाद मंगलवार की रात बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पिता कन्हैया निषाद की तहरीर पर खोराबार पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।