गर्मी से राहत : थोड़ी सी बारिश
और मौसम हो गया सुहाना
गोरखपुर। पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को बुधवार को थोड़ी सी बारिश ने बड़ी राहत पहुंचाई। 11 सितंबर तक तपिश भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद मौसम के जानकारों ने व्यक्त की है।
बुधवार की सुबह 11 बजे अचानक मौसम का रुख बदल गया। आकाश में काले बादलों ने डेरा जमाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। तकरीबन 15 मिनट बाद बारिश तो थम गई लेकिन बादल छाए रहे। करीब 12 किलोमीटर की रफ्तार से पुरवा हवा भी बही। 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से 33-34 डिग्री तापमान के बावजूद हीट इंडेक्स 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। बुधवार को तापमान लुढ़क कर 32 डिग्री तक हो गया। इससे लोगों ने काफी राहत महसूस की।
गोरखपुर एनवायरमेंटल एक्शन ग्रुप के मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि एक ट्रफ लाइन राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार से उड़ीसा तक जा रही है। इसके प्रभाव की वजह से गोरखपुर एवं आसपास के इलाकों में बारिश हुई। अगले कुछ दिनों तक मौसम के सामान्य रहने की संभावना है।