गोरखपुर-लखनऊ और सहजनवां-दोहरीघाट नई रेल लाइन के बीच जिले के दक्षिणांचल के सेवई बाजार में जंक्शन स्टेशन बनेगा। लिडार सर्वे के बाद एलाइनमेंट के दौरान जगह भी चिह्नित कर ली गई है। सेवई बाजार में जंक्शन स्टेशन बनने से आसपास के इलाके की सूरत बदल जाएगी।
रेल प्रशासन ने मगहर से सरदारनगर तक चौथी लाइन बिछाने के लिए बाईपास लाइन का प्रस्ताव भेजा था। इसमें पहले सेवई बाजार को हॉल्ट स्टेशन बनाने की तैयारी थी। इस रेल परियोजना पर 945 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अब इसमें संशोधन किया गया है क्योंकि 81.17 किमी लंबी लाइन सहजनवां से शुरू होकर दोहरीघाट तक जाएगी।
इसमें सेवई (खजनी) क्षेत्र के पास से होते हुए एक बाईपास लाइन भी प्रस्तावित है, जो मगहर-सरदारनगर लाइन के ऊपर से गुजरेगी। एलाइनमेंट के दौरान अब सेवई में जंक्शन स्टेशन बनाने की सहमति बनी है।
मिलेगा वैकल्पिक मार्ग
सेवई में रेलवे स्टेशन बनने से लखनऊ, वाराणसी और बिहार की ट्रेनों के संचालन के लिए वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। यह रेल लाइन 47.3 किलोमीटर लंबी होगी। इस मार्ग पर 12 पुल और 13 अंडरपास का निर्माण प्रस्तावित है। अगर गोरखपुर जंक्शन पर कोई कार्य करना हुआ तो ट्रेनें निरस्त नहीं होंगी, बाईपास रेल लाइन से चली जाएंगी। अभी छपरा से ही ट्रेनें डायवर्ट की जाती हैं। इससे समय ज्यादा लगता है।
रेलवे स्टेशन बनने से बदल जाएगा सामाजिक ढांचा
गोरखपुर। सेवई में रेलवे स्टेशन बनने से आसपास के करीब पांच किलोमीटर दायरे में सामाजिक व आर्थिक ढांचा बदल जाएगा। लोग सीधे रेल सेवा से जुड़ जाएंगे और माल ढुलाई का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा और व्यावसायिक गतिविधियां भी बढ़ जाएगी। इससे सीधा फायदा वहां के वाशिंदों को मिलेगा।
मगहर-सरदारनगर बाईपास रेल लाइन का एलाइनमेंट चल रहा है। इसके तहत सेवई में रेलवे स्टेशन प्रस्तावित किया जा रहा है। एलाइनमेंट का काम पूरा होने के बाद रिपोर्ट को रेलवे बोर्ड भेजा जाएगा: सुमित कुमार, सीपीआरओ, एनईआर