- रिगौली गांव में तनाव, कैंपियरगंज पुलिस ने 12 लोगों का शांति भंग में किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
कैंपियरगंज। करमैनी घाट चौकी क्षेत्र के रिगौली गांव में बच्चों के विवाद ने बुधवार को उग्र रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कैंपियरगंज पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 12 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की।
घटना रिगौली गांव के कटवा टोले की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष के कृष्णमोहन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने चचेरे भाई राज कन्नौजिया के साथ बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में हरिजन बस्ती के पास पहले से खड़े दर्जनों लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन पर हमला कर दिया गया। शोर सुनकर जब स्वजन मौके पर पहुंचे तो उन पर भी ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया।
कृष्णमोहन के अनुसार, जान बचाने के लिए दोनों भाई बाइक छोड़कर घर में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और घर पर पथराव करते हुए बाहर खड़ी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर कैंपियरगंज पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर भाग चुके थे। घटना के बाद पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की। स्थानीय लोगों ने बताया कि उपद्रवी इतने उग्र थे कि यदि लोग अपने-अपने घरों में कैद न हो जाते और अन्य ग्रामीण मौके पर एकत्र न होते, तो बड़ी घटना हो सकती थी। कई लोग ईंट-पत्थर लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 12 लोगों को थाने लाकर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की दोबारा अप्रिय स्थिति न बने।
-
बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में पथराव की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उपद्रव और हमला करने वालों की पहचान की जा रही है।
-अनुराग सिंह, सीओ, कैंपियरगंज