बस्ती शहर के बभनगांवा मोहल्ले के 26 वर्षीय युवक ने रविवार को दोपहर तेजाब लाकर पी लिया। कुछ देर बाद उसे खून की उल्टियां होने लगीं। परिवार के लोग आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बभनगवां निवासी विनोद कुमार श्रीवास्तव कृषि विकास अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके एक बेटा व एक बेटी है। दोनों की शादी हो चुकी है। विनोद कुमार श्रीवास्तव की मृत्यु के बाद जो पैसे मिले, उसमें से काफी पैसा सौरभ दोस्तबाजी में उड़ा चुका था। उसकी आदतों के चलते उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई और उनसे केस कर रखा है।
मां आशा श्रीवास्तव कहती हैं कि पत्नी के जाने के बाद से सौरभ अवसाद में रहने लगा था। कुछ गलत लड़कों की संगत में पड़ गया और घर के पैसों को पानी की तरह बहाने लगा, मना करने लगा वह अक्सर मारता पीटता भी था। शुक्रवार को भी सौरभ ने पंखे से लटकर जान देने की कोशिश कर रहा था। फांसी लगाते समय वह कूलर से टकरा गया था। जिसके चलते उसके चेहरे पर काफी चोटें भी आ गई थीं।
रविवार दोपहर 11 बजे वह कहीं से तेजाब खरीद कर लाया और पी लिया। पूछने पर किसी से कुछ नहीं बताया। जब उसे खून की उल्टियां होने लगीं तो परिवार के लोग परेशान हो गए। इस दौरान पता चला कि उसने तेजाब पी लिया है। आनन-फानन में उसे उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विजय कुमार दुबे ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है, अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।