गोरखपुर। सिकरीगंज इलाके में लूट नहीं हुई थी, बल्कि रुपये हड़पने के लिए खुद एजेंट ने लूट की फर्जी साजिश रची थी। पुलिस ने जांच कर छिपाए गए 90 हजार रुपये बरामद कर लिया। एजेंट को आरोपी बनाते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान महराजगंज के निचलौल थना क्षेत्र छरवलिया निवासी विजय दुबे के रूप में हुई है। वर्तमान में वह उरुवा बाजार में रहता है। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विजय ने पुलिस को सूचना दी कि वह समूह के कलेक्शन का रुपया लेकर जा रहा था, इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसे तमंचा सटाया और रुपये लूटकर फरार हो गए। भागते समय मोबाइल फोन भी छीन लिए थे। पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर लिया। जांच शुरू की गई तो पुलिस को संदेह हो गया। विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बता दिया कि लालच में आकर उसने ही रुपये छिपाया है। विजय के निशानदेही पर पुलिस ने रुपये बरामद कर लिए।