सहजनवां (गोरखपुर)। वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक के 10 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने सहजनवा थाने में तहरीर देकर तीन लोगों पर जालसाजी का आरोप लगाया है। नौकरी न मिलने पर रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत भी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सहजनवां थाना क्षेत्र के ईटार गांव निवासी अनिरुद्ध पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि शिक्षा पूरी करने के बाद वह नौकरी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात क्षेत्र के एक गांव के युवक से हुई। उक्त युवक ने वन विभाग में नौकरी दिलाने का दावा किया और कुछ दिनों बाद अपने दो अन्य साथियों से भी मुलाकात कराई। तीनों ने वन विभाग में वन संरक्षक के पद पर नियुक्ति कराने का आश्वासन दिया और इसके बदले 10 लाख रुपये की मांग की।
अनिरुद्ध का कहना है कि जालसाज युवकों के झांसे में आकर उन्होंने सितंबर 2025 में बताए गए बैंक खाते में रकम भेज दी। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद वह रुपये वापस मांगने गए तो युवकों ने रकम लौटाने से इन्कार कर दिया। दोबारा मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। थानाप्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच चल रही है।