पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकला 9 वीं का छात्र वाराणसी पहुंच गया। काशी विश्वनाथ के दर्शन करने और घाटों पर घूमने के बाद बुधवार सुबह वह खुद ही घर लौट आया। घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को अपहरण की कहानी सुनाई लेकिन पुलिस की पूछताछ में मामला खुल गया।
छात्र ने बताया कि वह नाराज होकर खुद वाराणसी चला गया था।गोरखनाथ क्षेत्र का छात्र 30 जून की सुबह करीब सात बजे साइकिल से स्कूल जाने के लिए निकला था। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्कूल पहुंचकर जानकारी की गई तो पता चला कि छात्र उस दिन स्कूल पहुंचा ही नहीं था।
अनहोनी की आशंका में पिता ने गोरखनाथ थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र के मुंडेहरा निवासी रमेश यादव बेटे की पढ़ाई के लिए पत्नी के साथ चिलुआताल क्षेत्र में किराये का कमरा लेकर रहते हैं। रमेश यादव गोरखपुर की एक निजी कंपनी में काम करते हैं।