अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर में बेड दिलाने के नाम पर कथित तौर पर दलाली करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एम्स के डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक द्विवेदी की तहरीर पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते महीने रानीडीहा निवासी कृष्णा जायसवाल अपनी पत्नी का इलाज एम्स के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में करा रहे थे। इलाज के दौरान उनकी पत्नी को अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं भी हो गईं, जिसके बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी थी।
आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल परिसर में संदीप मौर्य नामक व्यक्ति ने बेड उपलब्ध कराने के बदले कृष्णा जायसवाल से 10 हजार रुपये की मांग की। हालांकि, बेड नहीं मिलने पर कृष्णा जायसवाल ने अपनी पत्नी का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया।
पीड़ित ने मामले की शिकायत स्वास्थ्य मंत्रालय और एम्स प्रशासन से की थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद एम्स प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक द्विवेदी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।