- डीआईजी के आदेश पर खोराबार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र में डंपर बिक्री के नाम पर 22 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। रामगढ़ताल इलाके के लहसड़ी निवासी पीड़ित मनीष निषाद ने एडीजी से गुहार लगाई। एडीजी के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मनीष निषाद वर्तमान में खोराबार के सिक्टौर टोला करमहिया में रहते हैं। उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व जंगल सिकरी टोला बानपोखर मंदिर निवासी देवेंद्र यादव उर्फ डीके यादव से हुई थी। आरोप है कि देवेंद्र यादव ने अपना डंपर 32 लाख रुपये में बेचने की बात कही। बातचीत के बाद सौदा 29 लाख रुपये में तय हुआ।
तहरीर के मुताबिक, मनीष ने अपनी माता सुनीता देवी के नाम की जमीन बेचकर आरोपी के खाते में 22.67 लाख
ट्रांसफर किए। आरोप है कि रकम लेने के बाद डंपर सौंप दिया गया और कहा गया कि शेष 6.35 लाख रुपये देने पर वाहन ट्रांसफर कर दिया जाएगा। पीड़ित के अनुसार, सात मार्च 2025 को जब वह बाकी रकम लेकर विक्रेता के घर पहुंचे तो उसने डंपर बेचने से इन्कार कर दिया। रुपये लौटाने से भी मना कर दिया गया और डंपर वापस न करने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई। मनीष निषाद का आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि एडीजी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।