76 निर्माण कार्यों को मंजूरी, 25 करोड़ की पहली किस्त जारी
शहर के प्रमुख इलाकों में बनेंगे आरसीसी नाले
गोरखपुर। शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम की बहुप्रतीक्षित योजना को शासन से हरी झंडी मिल गई है। करीब 94.88 करोड़ रुपये की लागत से 76 निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही 25 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है, जिससे जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
करीब पांच महीने पहले भेजे गए इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम अब तेजी से कार्यों को धरातल पर उतारने की तैयारी में है। योजना के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में नालों के निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत कार्य कराए जाने हैं। खासतौर पर उन इलाकों को प्राथमिकता दी गई है, जहां हर साल बारिश में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
सबसे बड़ा प्रोजेक्ट वार्ड-26 बेतियाहाता दक्षिणी में प्रस्तावित है। वहां फलमंडी से दुर्गा मंदिर होते हुए रुस्तमपुर ढाले तक करीब 418.64 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाले का निर्माण होगा। मोहनापुर वार्ड में 372.19 लाख रुपये से कार्य होगा। इसके अलावा शताब्दीपुरम, भरवलिया, शास्त्रीनगर, लच्छीपुर, तुर्कमानपुर और इंदिरा नगर, गुलरिहा, बाबा गंभीरनाथ नगर व शक्तिनगर आदि क्षेत्रों में भी कार्य कराए जाएंगे।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा के अनुसार, सभी कार्यों की शुरुआत जल्द की जाएगी। उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि मानसून में शहरवासियों को जलभराव से राहत मिल सके।