- जिलेभर में 480 लाउडस्पीकरों की जांच, 345 की आवाज घटाकर किया गया मानक के अनुरूप
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति लगे लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तार यंत्रों के खिलाफ पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पूरे जिले में 92 अवैध लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तार यंत्र उतरवाकर जब्त किए गए, जबकि 345 यंत्रों की ध्वनि स्तर कम कराकर उन्हें मानक के अनुरूप संचालित कराया गया। अभियान की निगरानी सीओ स्तर के अधिकारियों ने की, जबकि थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक मंचों और संस्थानों पर लगे उपकरणों की गहन जांच की। सबसे अधिक कार्रवाई झंगहा थाना क्षेत्र में हुई है।
एसएसपी राजकरन नय्यर के मुताबिक, यह अभियान डीजीपी कार्यालय के निर्देश पर चलाया गया ताकि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण किया जा सके और न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित हो। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में कुल 480 लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तार यंत्रों का प्रयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान इनमें से 437 उपकरण मानक के विरुद्ध चलते मिले। इनमें से 345 यंत्रों की आवाज कम कराई गई और शेष 92 को जब्त कर लिया गया।
सबसे अधिक कार्रवाई झंगहा थाना क्षेत्र में हुई, जहां 13 अवैध लाउडस्पीकर चल रहे थे। वहीं, शाहपुर थाना क्षेत्र में एक भी अवैध यंत्र नहीं मिला। इसके अलावा कैंपियरगंज में 12, पिपराइच में नौ, राजघाट में पांच, कोतवाली में तीन, चौरीचौरा में तीन, खजनी में तीन, सहजनवां में तीन, तिवारीपुर में छह, एम्स क्षेत्र में दो, गोरखनाथ में एक, गुलरिहा में एक, पीपीगंज में तीन, चिलुआताल में दो, गीडा में दो, हरपुर-बुदहट में दो, गोला में दो और कैंट क्षेत्र में दो लाउडस्पीकर उतरवाए गए।
एसएसपी ने बताया कि पहले भी अवैध लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी लेकिन कुछ स्थानों से फिर शिकायतें आ रही थीं। इस वजह से नया विशेष अभियान चलाया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई न केवल अवैध यंत्रों को हटाने बल्कि शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। साथ ही सभी धार्मिक स्थलों और आयोजकों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में बिना अनुमति ध्वनि यंत्र चलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।