पंचायत चुनाव से पूर्व रोशन होंगे 772 प्राथमिक विद्यालय
गोरखपुर। शासन के निर्देश पर बिजली निगम ने जिले के 772 प्राथमिक विद्यालयों में कनेक्शन देने की योजना तैयार कर ली है। इसे लेकर निगम की तरफ से इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। अगर पंचायत चुनावों के पहले इसे जारी कर दिया गया तो अगले तीन महीनों के भीतर सभी प्राथमिक विद्यालयों को रोशन कर दिया जाएगा।
शासन की तरफ दिसंबर के पहले सप्ताह में ही पत्र भेजकर बिजली से वंचित सभी प्राथमिक विद्यालयों में रोशनी का इंतजाम करने के लिए कहा गया था। इसके बाद अभियंताओं ने अपने स्तर से ब्लाकों के विद्यालयों का निरीक्षण किया। इसके तहत 772 ऐसे विद्यालय थे जहां बिजली कनेक्शन नहीं मिला। अवर अभियंताओं ने इन विद्यालयों तक एचटी लाइन बनाने, पोल लगाने और ट्रांसफार्मर का इस्टीमेट बनाकर तैयार कर लिया। निगम के अनुसार इस काम में लगभग 1.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी इस्टीमेट को शासन के पास भेज दिया गया है। बजट स्वीकृत होकर धन अवमुक्त होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। अधीक्षण अभियंता ग्रामीण राजीव चतुर्वेदी ने बताया कि हमारी तरफ से इस्टीमेट तैयार शासन को भेज दिया गया है। सभी प्राथमिक विद्यालयों को रोशन किया जाएगा।
इन ब्लॉक के इतने विद्यालयों में लगना है कनेक्शन
बांसगांव-54, गगहा-57, कौड़ीराम 48, बेलघाट 18, उरुवा 31, बड़हलगंज 55, गोला 46, कैंपियरगंज 38, भटहट- 36, पिपराइच- 47, खोराबार- 13, सहजनवां 51, खजनी- 29, सरदारनगर- 35, जंगल कौड़िया-67, पाली- 33, पिपरौली- 22 समेत कुछ प्राथमिक विद्यालयों में कनेक्शन लगाने के लिए इस्टीमेट तैयार किया गया है।