चौरीचौरा, सरदारनगर व मुंडेरा बाजार उपकेंद्रों से जुड़े दर्जनों गांव की आपूर्ति ठप
सरदारनगर/चौरीचौरा। सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे आई आंधी और बारिश ने चौरीचौरा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। आंधी के चलते विभिन्न स्थानों पर पेड़ और टहनियां बिजली के तारों और खंभों पर गिर गईं, जिससे करीब 70 बिजली पोल और 10 ट्रांसफाॅर्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण चौरीचौरा सरदारनगर और मुंडेरा बाजार बिजली उपकेंद्रों की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
चौरीचौरा के अवर अभियंता नवनीत पटेल ने बताया कि गोरखपुर-देवरिया मार्ग स्थित डुमरी खुर्द में निजी स्कूल के पास पेड़ गिरने से छह बिजली के खंभे पर और उस पर लगे ट्रांसफाॅर्मर क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, चौरी गांव के सबुनी टोला में 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर पोल टूटने के कारण सड़क पर गिरकर खराब हो गया। इसके अलावा तरकुलहा, परसौनी, चौरी, बंसहिया, शिवपुर महादेवा जंगल, भाऊपुर, केवलाचक, सथरी सहित कई गांवों में बिजली के खंभों पर पेड़ और डालियां गिरने से व्यापक क्षति हुई। शाम छह बजे तक चौरीचौरा और मुंडेरा बाजार उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
उधर, सरदारनगर क्षेत्र के केवलाचक में 33 केवी मुख्य लाइन पर पेड़ की डाली गिरने से उपकेंद्र की सप्लाई बाधित हो गई थी। बिजली निगम की टीम ने डाल हटाकर उपकेंद्र तक आपूर्ति बहाल कर दी। वहीं, अन्य प्रभावित क्षेत्रों में बिजलीकर्मी क्षतिग्रस्त खंभों की मरम्मत और टहनियों को हटाने का कार्य देर शाम तक करते रहे।