- दरोगा भर्ती परीक्षा के पहले दिन 69.6 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए उपस्थित
- पिछली बार की तुलना में इस बार के पेपर को परीक्षार्थियों ने बताया आसान
- सभी 24 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा, सघन तलाशी के बाद दिया गया प्रवेश
गोरखपुर। दरोगा भर्ती परीक्षा पहले दिन शनिवार को शहर के 24 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। इसमें जीके और हिंदी के सवालों ने अभ्यर्थियों को संभाला तो विधि और न्यूमेरिकल से जुड़े प्रश्नों ने उलझाया। अभ्यर्थियों ने पिछली बार की परीक्षा की तुलना में इस बार के पेपर को आसान बताया।
परीक्षा पहली पाली में सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली में अपराह्न तीन से पांच बजे तक संपन्न हुई। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि 120 मिनट में कुल 160 प्रश्न हल करने थे। सामान्य ज्ञान, हिंदी और रीजनिंग से जुड़े ज्यादातर सवाल तुलनात्मक रूप से आसान लगे। विधि और संविधान से जुड़े कई प्रश्न पूछे गए थे। इनमें कुछ सवालों के जवाब कठिन लगे। न्यूमेरिकल सवालों ने भी छकाया। समय कम होने के कारण कई अभ्यर्थी सभी सवालों के जवाब नहीं दे पाए। अभ्यर्थी योगेंद्र ने बताया कि अंतिम पांच-छह मिनट में उन्होंने लगभग 50 सवाल हल किए।
दोनों पालियों में मिलाकर कुल 19,680 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 13,707 उपस्थित व 5973 अनुपस्थित रहे। पहले दिन उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 69.6 प्रतिशत रही। पहली पाली में पंजीकृत 9840 अभ्यर्थियों में से 6885 उपस्थित व 2955 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 9840 पंजीकृत में से 6822 उपस्थित व 3018 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को देखते हुए सुबह से ही सभी केंद्रों के बाहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात कर दिए गए थे। सघन तलाशी और पहचान सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को गेट से प्रवेश दिया गया। सभी केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रविवार को भी जिले के 24 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के नोडल अधिकारी व एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। किसी भी केंद्र से किसी अव्यवस्था की खबर नहीं है।