आंगनबाड़ी के 549 पद जिले में रिक्त, सीडीओ की कमेटी करेगी चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जिले के रिक्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर 50 प्रतिशत सहायिकाओं को प्रमोशन देकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बनाया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन के निर्देश पर इनकी आनलाइन फीडिंग की जा रही है। जो सहायिकाएं मानक को पूरा करेंगी उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बना दिया जाएगा।
प्रदेश में 50 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकत्ताओं और सहायिकाओं के पद लंबे समय से रिक्त है। इनके न होने के कारण बहुत से केंद्र बंद पड़े हैं। शासन की तरफ से एक साल पहले ही रिक्त पदों पर भर्ती करने का निर्देश दिए गए थे। आंगनबाड़ी केंद्र के रिक्त पदों संबंधी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने की तिथि 9 दिसम्बर को पूरी हो चुकी है। वहीं चयन के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी में जिला बचत अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी , भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी को शामिल किया गया है। वहीं अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिका दोनों को शैक्षिक योग्यता को इंटर पास होना अनिवार्य कर दिया गया है। पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल और सहायिका की योग्यता 5 पास थी।
जिले में जो पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त है उसकी फीडिंग की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। पूरा रिकार्ड चयन के लिए बनी कमेटी के पास जाएगा। निदेशालय से जो निर्देश होगा उसके अनुसार अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
संजय कुमार प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी