शाहपुर इलाके के एक युवक से जालसाज ने विदेश भेजने के नाम पर 43,890 रुपये हड़प लिए। शुक्रवार की रात शाहपुर पुलिस गीडा के नौसड़ निवासी अनिल यादव के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
शाहपुर इलाके के गीता वाटिका स्थित घोषीपुरवा निवासी राधे मोहन वर्मा ने एसएसपी को प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि उनका लड़का बेरोजगार है। उसका पिछले साल नौसड़ स्थित हिंद इंटरनेशनल कार्यालय पर एजेंट अनिल यादव से संपर्क हुआ। एजेंट ने बताया कि दो-तीन महीने में उनके बेटे को यूरोप के रोमानिया शहर में भेज देंगे। जिसके लिए आरोपी ने 43,890 रुपये ले लिए।
कुछ दिन बाद पूछने पर कहा कि जल्द विदेश भेज देंगे। लेकिन, कई महीने हो गए विदेश नहीं भेजा। जिसके बाद पीड़ित ने अपना रुपया मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। पीड़ित ने जेल रोड चौकी पर शिकायत किया तो आरोपी ने एक महीने बाद रुपये लौटाने की बात कर समझौता करा लिया। तय समय पर रुपये न मिलने पर पीड़ित ने एक बार फिर स्थानीय चौकी और थाने पर शिकायत किया। कोई कार्रवाई न होने पर एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।