कमिश्नर कार्यालय और सदर तहसील के कर्मियों समेत 36 मिले कोरोना पॉजिटिव
गोरखपुर। जिले में मंगलवार को 36 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें शहर के 28 मरीज शामिल हैं। मरीजों में दो कमिश्नर कार्यालय, दो सदर तहसील, दो कैंट थाना और एक पुलिस लाइंस का कर्मचारी शामिल है। शहर के रहमत नगर, राजघाट, मिर्जापुर, मूक बधिर विद्यालय क्षेत्र, रेलवे अस्पताल, शाहपुर, कोतवाली, कूड़ाघाट क्षेत्र में मरीज मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्र में पिपराइच, सहजनवां, खोराबार, भटहट, उरुवा, बांसगांव और पिपरौली में मरीज मिले हैं। अब जिले में मरीजों की संख्या 790 हो गई है। इनमें 439 ठीक होकर घर जा चुके हैं। जबकि 334 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कमिश्नर कार्यालय में 52 साल का एक कर्मी और उनका 13 साल का बेटा संक्रमित मिला है। सदर तहसील में 48 और 42 साल का एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। रामजानकी नगर में 39 साल का युवक, रहमत नगर में एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें दो महिला, एक युवती और एक युवक शामिल हैं। इनकी उम्र 29, 28, 20 और 24 है। शास्त्री नगर का 23 साल का युवक, मिर्जापुर का 36 साल का युवक, स्टार हॉस्पिटल का 23 साल का युवक, कैंट थाने के 43 और 46 साल के व्यक्ति, मूक बधिर विद्यालय क्षेत्र के तीन लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें एक 18 साल की युवती, 21 साल का युवक और 44 साल का व्यक्ति शामिल हैं। वहीं, पुलिस लाइंस का 30 साल का एक युवक, राजघाट का 33 साल का युवक, तिवारीपुर के सिधारीपुर की एक 24 साल की युवती, बशारतपुर के शक्तिनगर कॉलोनी की 32 साल की महिला, जटेपुर का 84 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा कूड़घाट और रेलवे अस्पताल के तीन-तीन लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमितों के परिजनों की जांच कराई जाएगी। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को लगाया गया है।
इन ग्रामीण क्षेत्रों में मिले मरीज
ग्रामीण क्षेत्र में बांसगांव के कलवारी में 21 साल का युवक, पिपराइच के बेलवा में 28 साल की महिला, उरुवा के रुधौली के 30 साल का युवक, उरुवा बाजार का 44 साल का व्यक्ति, भटहट के जंगल सकनी का 37 साल का युवक, गगहा के हाटा बाजार की 55 साल की महिला संक्रमित मिले हैं। बताया जाता है कि भटहट का रहने वाला युवक अप्रैल माह में मुंबई से आया था, लेकिन वह पॉजिटिव जुलाई माह में हुआ है। इसके अलावा पिपरौली के कालेसर में एक, खोराबार के मालवीय नगर में एक, पिपराइच के बेलवा में एक मरीज मिला है।
संक्रमितों के इलाके सील
सदर एसडीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि संक्रमित के इलाकों में सैनिटाइजेशन कराया गया है। सूचना मिलने के बाद 250 मीटर परिधि क्षेत्र कंटेनमेंट जोन और 500 मीटर क्षेत्र की परिधि को बफर जोन घोषित करते हुए सील कर दिया गया है।
स्वास्थ्य कर्मियों के क्वारंटीन सेंटर खाली कराए जा रहे
बीआरडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों के क्वारंटीन सेंटर को खाली कराया जा रहा है। 110 बेड में 55 बेड मरीजों के लिए खाली होंगे। बाकी 55 बेड पर स्वास्थ्य कर्मी क्वारंटीन होंगे। बताया कि यह फैसला बढ़ते हुए मरीजों की वजह से लिया गया है।
जैमिनी गार्डेनिया में 72 घंटे के लिए आने जाने पर लगी रोक
गोरखपुर। जैमिनी गार्डेनिया नौका विहार अपार्टमेंट के दूसरे तल पर एक कोरोना संक्रमित मरीज मिला हैं। इसके बाद प्रशासन की तरफ से द्वितीय तल को पूरी तरह सील कर दिया गया है। पेशे से बीमा का काम करने वाले संक्रमित मरीज को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवा दिया गया है। सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ अमरेश सिंह ने बताया कि अगले 72 घंटे के लिए अपार्टमेंट के द्वितीय तल को सील किया गया है। सभी लोगों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी बाहरी को अंदर न आने दें और जब तक इमरजेंसी न हो खुद भी बाहर न जाएं। बताया कि सभी लिफ्ट को एहतियात के तौर पर सैनिटाइज कर दिया गया है। इसके अलावा अपार्टमेंट को भी पूरी तरह सैनिटाइज करवा दिया गया है। डॉ अमरेश सिंह मेडिकल कॉलेज माइक्रोबॉयोलॉजी विभागाध्यक्ष हैं।