गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के महराजगंज के टोला सेवई के पास बुधवार की रात बदमाश व्यापारी को तमंचा सटाकर 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। आरोप है कि घटना का विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट भी की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज थाना लक्ष्मीपुर गांव के टोला परसौना निवासी संजय गुप्ता जनरल स्टोर चलाते हैं। बुधवार को वह गोरखपुर बाजार करने आए थे। रात आठ बजे के करीब बाइक से घर लौट रहे थे।
आरोप है कि गुलरिहा थाना क्षेत्र के महराजगंज टोला सेवईं के पास चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और कनपटी पर तमंचा सटाकर पास में रखे 35 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट भी की, जिससे दांत में चोट भी आई है।
मामले में संजय ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, इस वजह से पुलिस लूट की घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का मानना है कि मारपीट की घटना ही हुई है। प्रभारी निरीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।