- कंपनी को रकम देने के नाम पर लिए रुपये, अब लौटाने में कर रहा टालमटोल
गगहा। मलेशिया में फंसे पति को सकुशल घर वापस बुलाने के लिए महिला ने एजेंट के खाते में सवा तीन लाख रुपये भेज दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद एजेंट ने न तो कंपनी को रुपये दिए और न ही पति को घर भेजने में मदद की। अब रकम वापस मांगने पर भी टालमटोल कर रहा है। परेशान महिला ने गगहा थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिहुलपार निवासी सरिता चौहान ने पुलिस को बताया कि उनके पति स्वतंत्र चौहान मलेशिया की एक कंपनी में काम करते हैं। तबीयत खराब होने के कारण वह छुट्टी लेकर घर आना चाहते हैं, लेकिन कंपनी के अधिकारी अनुमति नहीं दे रहे हैं। आरोप है कि स्वतंत्र ने कुछ समय पहले कंपनी से एडवांस लिया था। रकम वापस किए बिना कंपनी ने उन्हें घर भेजने से मना कर दिया।
इसके बाद स्वतंत्र ने पत्नी से एजेंट के माध्यम से कंपनी को रकम भेजने के लिए कहा। सरिता ने हरियाणा के एक एजेंट से संपर्क किया। उसके बताए बैंक खाते में अलग-अलग तिथियों में कुल सवा तीन लाख रुपये भेजे। महिला का आरोप है कि रकम लेने के बाद एजेंट ने न कंपनी को भुगतान किया और न ही पति की वापसी में मदद की। अब रुपये मांगने पर भी वह टालमटोल कर रहा है। प्रभारी निरीक्षक सरोज कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।