30 जून तक बुक रेल टिकट होंगे निरस्त रेलवे पूरा किराया करेगा वापस, ट्रेनों को नहीं चलाए जाने का संकेत अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। रेलवे ने ट्रेनों में 30 जून तक बुक कराए गए टिकटों को निरस्त कराने का निर्णय लिया है। इन टिकटों के निरस्त किए जाने पर यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जाएगा। रेलवे के इस आदेश के बाद माना जा रहा है कि 30 जून तक मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें अब नहीं चलेंगी। श्रमिक स्पेशल के अलावा प्रीमियम ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। हालांकि इसे लेकर अभी कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कोविड-19 के कारण सभी नियमित यात्री सेवाओं मेल/एक्सप्रेस एवं सवारी गाड़ियों का संचलन अगले आदेश तक निरस्त कर दिया गया है। रेल यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने ट्रेनों में 30 जून 2020 तक के बुक किए गए यात्रा टिकटों के निरस्तीकरण पर पूर्ण रिफंड करने का निर्णय लिया है। टिकटो के निरस्तीकरण के रिफंड प्राप्त करने की समय सीमा में रियायत दी गई है।