गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया के दो-दो मरीज हुए कोरोना मुक्त 108 एंबुलेंस की मदद से भेजा गया सभी लोगों को घर उरुवा थाना के हाटा बुजुर्ग की महिला और बिछिया कॉलोनी का नेपाली नागरिक हुआ ठीक अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बीच राहत भरी खबर जिलेवासियों के लिए है। बृहस्पतिवार को कोरोना के दो मरीज ठीक होकर घर भेज दिए गए है। इसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या आठ रह गई है। इसके अलावा कुशीनगर और देवरिया के भी दो-दो मरीज ठीक होकर घर भेजे गए है। सभी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज से 108 एंबुलेंस की मदद से घर भेजा गया है। जिले में ठीक होने वाले मरीजों में उरुवा थाना के हाटा बुजुर्ग की 34 साल की महिला और शहर के बिछिया कॉलोनी का रहने वाला नेपाली नागरिक हैं। 29 अप्रैल को महिला पॉजिटिव पाई गई थी। जबकि एक मई को नेपाली नागरिक कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। महिला की दो रिपोर्ट पांच दिन पूर्व ही निगेटिव आ चुकी थी। जबकि नेपाली नागरिक की रिपोर्ट दो दिन पूर्व निगेटिव आई थी। लेकिन 14 दिन न बीतने के कारण इन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने रोके रखा था। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को दोनों को जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद 108 एंबुलेंस के पायलट पवन कुमार दूबे, ईएमटी राज नारायन और बृजेश तिवारी की देख-रेख में घर भेजा गया है। वहीं, कुशीनगर और देवरिया के भी दो-दो मरीज भी कोरोना मुक्त हो गए है। इन्हें भी एंबुलेंस की मदद से घर भेजा गया है। घर जाने से पहले डॉक्टरों ने तालियां बजाकर इनकी हौसला अफजाई की है। जबकि ठीक हो चुके लोगों ने डॉक्टरों के प्रति आभार जताया है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ गणेश कुमार ने बताया कि छह लोग कोरोना मुक्त हो चुके हैं। इनको एंबुलेंस से घर भेजा गया है।