तीन श्रमिक स्पेशल से पहुंचे 2102 प्रवासी श्रमिक अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। विभिन्न प्रांतों से श्रमिकों को लेकर तीन ट्रेनें बुधवार को आईं, इन ट्रेनों में 2102 श्रमिक और उनके परिवार वाले आए। सभी को लाइन में लगवाकर उतारा गया और थर्मल स्क्रीनिंग कराकर बसों से भेजा गया। गोरखपुर में अब तक 298 ट्रेनों से 2.96 लाख श्रमिक आ चुके हैं। एक जून से श्रमिकों को लेकर आईं ट्रेनों को प्लेटफॉर्म एक और नौ पर लाया जा रहा है। यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर सांसद कमलेश पासवान और जीआरपी के सामुदायिक किचन की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाकर लंच पैकेट और नाश्ता दिया गया। वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी लंच पैकेट और पानी की बोतलें उपलब्ध कराया गया। बुधवार को ट्रेनें लुधियाना, बांद्रा और झांसी से गोरखपुर पहुंची। ट्रेन से उतरने के बाद विभिन्न जिलों के यात्रियों को 30 से 35 की संख्या में देवरिया, महराजगंज, मऊ, आजमगढ़, फैजाबाद की बसों में बैठाकर रवाना किया गया। लखनऊ से आईं डीआरएम ने अधिकारियों से ब्यवस्था के बारे में जानकारी ली।