- ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को झेलनी पड़ी मुसीबत
- गोरखधाम में उमड़ी यात्रियों की भीड़
गोरखपुर। रेलवे प्रशासन की ओर से यार्ड रिमॉडलिंग के आठवें दिन शनिवार को 26 ट्रेनें निरस्त रहीं। वहीं, 46 ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी।
ब्लॉक के दौरान उत्तरी और दक्षिणी लाइन बंद रही। सुबह नौ बजे से शुरू होकर दोपहर ढाई बजे तक करीब साढ़े पांच घंटे ब्लॉक लिया गया। इस दौरान प्लेटफाॅर्म सात, आठ और नौ की पटरियों पर काम किया गया। वहीं स्टेशन की उत्तरी छोर पर तीसरी रेल लाइन और विद्युतीकरण का कार्य तेजी के साथ चल रहा है।
दिल्ली जाने वालों को सर्वाधिक परेशानी : मेगा ब्लॉक के चलते लोगों की ट्रेन से यात्रा मुश्किल हो गई है। गोरखधाम एक्सप्रेस की जनरल बोगियों में सीट के लिए भीड़ उमड़ रही है। सीट के लिए अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। वैशाली, संपर्कक्रांति, सप्तक्रांति ट्रेनों में भी यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी।