गोला। नगर पंचायत के मन्नीपुर निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक वेणी माधव त्रिपाठी से 25 हजार रुपये की टप्पेबाजी हो गई। घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने काफी देर तक आरोपी की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वह घर लौट गए। दो दिन तक परेशान रहने के बाद शुक्रवार को थाने पहुंचकर उन्होंने तहरीर दी। पुलिस शिक्षक को लेकर बैंक भी पहुंची।
गांव निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक वेणी माधव त्रिपाठी ने बताया कि चार फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वह बैंक पहुंचे और 40 हजार रुपये निकाले। सभी नोट 500 रुपये के थे। इसी दौरान पीछे खड़े एक युवक ने 100 रुपये के नोटों की गड्डी दिखाते हुए कहा कि वह फुटकर ले लें और बदले में बड़े नोट दे दें। शिक्षक जब नोट गिनने लगे तभी युवक ने गिनने में मदद करने के बहाने उनके हाथ से 40 हजार रुपये ले लिए। नोट गिनने के बाद युवक ने 100 रुपये के नोटों की गड्डी में 500 रुपये का एक नोट मिलाकर बंडल बनाकर उन्हें थमा दिया और वहां से चला गया। जब शिक्षक बैंक से बाहर आए और किसी को नौ हजार रुपये देने के लिए रुपये निकाले, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। बंडल में केवल 15 हजार रुपये ही मिले।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। घटना दो दिन पुरानी है। मामले की जांच की जा रही है।