गोरखपुर। जीडीए परिसर में बृहस्पतिवार को ‘प्राधिकरण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में इस आयोजन में कुल 25 आवेदकों ने भूमि, मानचित्र और अवैध निर्माण से संबंधित समस्याओं व शिकायतों को प्रस्तुत किया। इनमें से पांच प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। शेष 20 प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया।
प्राधिकरण के प्रभारी सचिव प्रखर उत्तम, विशेष कार्याधिकारी संजीव कुमार दीक्षित, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष कुमार कुशवाहा, मुख्य अभियंता किशन सिंह, संयुक्त सचिव अजय कुमार सहित प्राधिकरण के समस्त सहायक/अवर अभियंता व कर्मचारी उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि जीडीए परिसर में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बृहस्पतिवार को प्रातः 10.00 से 2.00 बजे तक समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है।