फातिमा अस्पताल में लगातार संक्रमण का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। पहले ही अस्पताल में चार लोग संक्रमित मिल चुके हैं। शुक्रवार को चार और कर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनकी उम्र 40, 25, 24, 22 साल है। इसके बाद से फातिमा में संक्रमितों की संख्या आठ हो गई है। इसके अलावा रेलवे अस्पताल का 28 वर्षीय एक कर्मचारी पॉजिटव आया है, वहां भी एक डॉक्टर व एक कर्मचारी पूर्व में पॉजिटिव आ चुके हैं।
मियां बाजार में एक ही परिवार के पांच लोग संक्रमित
मियां बाजार के एक ही परिवार के पांच लोग संक्रमित मिले हैं। इनकी उम्र 48, 46, 42, 18 व 14 वर्ष है। ये लोग वहां पूर्व में पाए गए एक संक्रमित के संपर्क में आए थे। एहतियात के तौर पर इनका नमूना लिया गया था। इसके बाद रिपोर्ट आई तो घर और मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
वहीं, शहर के ही कूड़ाघाट की 40 वर्षीय महिला पूर्व में संक्रमित पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आने से पॉजिटिव आ गई है। तुर्कमानपुर के लाइफ केयर हास्पिटल में भर्ती 39 वर्षीय महिला, राजघाट निवासी 61 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित मिला है।
संक्रमितों के इलाके सील, डीएम और एसएसपी ने किया जागरूक
सिटी माल, जटेपुर उत्तरी, पटेल चौक महुईसुघरपुर, महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर एक व कौवाबाग कॉलोनी रोड नंबर-5 सहित संक्रमितों के सभी इलाके सील कर दिए गए हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि 250 मीटर परिधि क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन तथा 500 परिधि क्षेत्र को बफर जोन घोषित कर दिया गया है। आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा डीएम और एसएसपी ने शुक्रवार को हॉट-स्पॉट क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करते हुए घर में रहने की अपील की है।