संक्रमितों में एम्स के दो एमबीबीएस छात्र भी, सक्रिय मरीजों की संख्या 116
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को जांच में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर समेत 21 लोग संक्रमित मिले। इनमें गोला की एक साल से कम उम्र की बच्ची, जेल की महिला बंदी, एम्स के दो विद्यार्थी समेत जिला और रेलवे अस्पताल के कर्मचारी शामिल हैं। राहत की बात यह है कि 22 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके बाद से जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 116 पहुंच गई है।
कोरोना जांच के नोडल अधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि जेल की 32 वर्षीय बंदी कोरोना संक्रमित मिली है। इसके अलावा एम्स एक-एक महिला और पुरुष कर्मचारी और दो एमबीबीएस छात्र कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनकी उम्र 36, 26, 23 व 21 वर्ष है। वहीं, जिला अस्पताल के दो कर्मचारी और एक किशोर भी पॉजिटिव मिले हैं। इनकी उम्र 37, 26 और 15 वर्ष है।
रेलवे अस्पताल के 45 और बीआरडी मेडिकल काॅलेज के 38 वर्षीय डाॅक्टर भी संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा खड़राइच, इंदिरा नगर, गोरखनाथ, दुर्गापुर, शिवपुर सहबाजगंज, कुसम्हीं बाजार में भी एक-एक संक्रमित मिले। बताया कि पहली लहर से अब तक 68,643 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 67,658 लोगों ने कोरोना को मात दी है।