गोरखपुर। नगर निगम की ओर से संचालित स्वच्छ स्कूल अभियान को शहरभर में उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया मिल रही है। स्कूल स्टार रेटिंग के लिए करीब 200 विद्यालयों के साथ ही लगभग 5000 विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत पंजीकरण कराया है। सीएम योगी आदित्यनाथ जल्द ही अभियान का औपचारिक शुभारंभ कर सकते हैं।
नगर निगम के इस अभियान को विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल तेजी से जनजागरूकता का माध्यम बन रही है। नगर निगम के अनुसार, इस अभियान का मुख्यमंत्री योगी औपचारिक शुभारंभ कर सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए द्विभाषी (हिंदी और अंग्रेजी) क्यूआर स्कैनर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे विद्यार्थी और विद्यालय आसानी से पंजीकरण कर पा रहे हैं। नगर निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से अधिक से अधिक प्रतिभागियों को जोड़ने में मदद मिलेगी।
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार के अनुसार, नगर निगम ने सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। सामूहिक प्रयास से ही शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक बनाया जा सकता है। स्वच्छ स्कूल अभियान इसी दिशा में एक ठोस कदम साबित हो रहा है।