कुशीनगर जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण करा रही अहमदाबाद की फर्म को समय से काम नहीं कराने पर डीएम ने कड़ी फटकार लगाई है। लोकनिर्माण विभाग निर्माण खंड भवन डिवीजन के अधिशासी अभियंता ने पहले 43 लाख का जुर्माना लगाया था। जब काम में सुधार नहीं हुआ तो उन्होंने 2.73 करोड़ के जुर्माने की संस्तुति की है। संबंधित फाइल मुख्य अभियंता को भेजी गई है।
कुशीनगर में 2021 में 255 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू किया गया। इसे मार्च 2023 में पूरा होना है, लेकिन अब तक भवन का मात्र 34 प्रतिशत ही निर्माण हो पाया है। मेडिकल कॉलेज का भवन दो स्थानों पर पांच किलोमीटर की दूरी पर बन रहा है। एक स्थान पर 13.9 एकड़ एवं दूसरे स्थान पर 5.5 एकड़ क्षेत्रफल में निर्माण किया जा रहा है।
भवन के निर्माण की जिम्मेदारी गुजरात के अहमदाबाद की फर्म पीएसपी के पास है। इस कार्य के लिए एक परामर्शी नियुक्त है। इस फर्म का नाम आरकेइन डिजाइन है। यह फर्म काम की देखरेख करती है, जबकि लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पूरे काम की मानीटरिंग करते हैं। उसका चेक भी निर्माण खंड भवन के अधिशासी अभियंता जारी करते हैं।
निर्माण खंड भवन अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने कहा कि कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के निर्माण का ठेका अहमदाबाद की पीएसपी फर्म को मिला है। यह प्रोजेक्ट 255 करोड़ का है। अब तक फर्म ने मात्र 34 प्रतिशत ही काम कराया है। इस पर पहले 43 लाख की पेनाल्टी लगाई गई। कार्य में सुधार नहीं हुआ तो फिर 2.73 करोड़ रुपये के जुर्माने के लिए पत्रावली मुख्य अभियंता के पास भेजी गई है।