फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मारवाड़ी समाज का 17वां वैवाहिक परिचय सम्मेलन, विवाह योग्य युवक-युवतियां होंगे शामिल

Sat, 04 Jan 2020 10:10 PM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर
विज्ञापन
16 सालों से वैवाहिक परिचय सम्मेलन - फोटो : marriage yog 2020
विज्ञापन
मारवाड़ी समाज को आपस में जोड़ने का कार्य मारवाड़ी सेवा समिति कर रही है। यह समिति लगातार 16 सालों से वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन कर रही है जिसके माध्यम से अबतक हजारों युवक-युवतियां विवाह के बंधन में बंध चुके हैं।
विज्ञापन


समिति के 17वें वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन पांच जनवरी को सिविल लाइंस स्थित गोकुल अतिथि भवन में किया जा रहा है। जिसमें बड़ी संख्या में मारवाड़ी समाज के लोगों की सहभागिता रहेगी।

1999 में गठित मारवाड़ी सेवा समिति की ओर से 2004 से लगातार वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में दक्षिणी नेपाल, पश्चिमी बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग 150 किमी परिधि के शहरों व कस्बों से अभिभावकगण एवं विवाह योग्य युवक-युवतियां शामिल होते हैं।
विज्ञापन


सम्मेलन में एक परिणय परिचय स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाता है। जिसमें विवाह योग्य युवक एवं युवतियों के साथ ही साथ दिव्यांग, साधन विहीन बंधुओं, विधुर, विधवा एवं द्वितीय विवाह के लिए समाज के लोगों के वैवाहिक विवरण होते हैं। स्मारिका के माध्यम से हर साल प्रकाशित बायोडाटा में से लगभग 30 से 40 प्रतिशत युवक-युवतियां परिणय सूत्र में बंध जाते हैं।

स्मारिका से अभिभावकों को अपने पाल्यों के लिए अपनी प्राथमिकता एवं पसंद के अनुरूप उपयुक्त जीवन साथी की तलाश में मदद मिलती है। साथ ही साथ सम्मेलन में उपस्थित क्षेत्रीय संयोजकों की मदद से उनको रिश्तों की परिवारिक पृष्ठभूमि, सामाजिक एवं आर्थिक स्थितियों की जानकारी मिल जाती है।

सामूहिक विवाह भी कराना चाहती है समिति

मारवाड़ी सेवा समिति हर वर्ष पांच जोड़ों का सामूहिक विवाह कराना चाहती है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार लोग सामूहिक विवाह के लिए तैयार नहीं होते हैं। उनका कहना है कि अगर पांच जोड़े एक साथ मिले तो समिति सामूहिक विवाह कराने से पीछे नहीं हटेगी।

वैवाहिक परिचय सम्मेलन समिति का प्रमुख महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। सामाजिक परिस्थितियों में हो रहे परिवर्तनों को ध्यान में रखते हए सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। प्रत्येक अभिभावक द्वारा बच्चों के सर्वोत्तम हित में अपने परिवार की परिकल्पनाओं के अनुरूप बच्चे के जीवन साथी की तलाश करने के क्रम में प्राथमिकताओं की सूची लंबी होती जाती है जिससे विवाह संबंध तय होने में विलंब होता है। मारवाड़ी सेवा समिति ऐसे अभिभावकों मदद करते हुए उनके बच्चों के लिए जीवन साथी तलाश करने मेें वैवाहिक परिचय सम्मेलन के माध्यम से सहयोग देता है।
- गौरी शंकर सरावगी, अध्यक्ष मारवाड़ी सेवा समिति

2004 से लगातार वैवाहिक परिचय सम्मेलन

बाबा गोरखनाथ की नगरी गोरखपुर में वर्ष 1999 में स्थापित मारवाड़ी सेवा समिति का जन्म, गृहस्थ आश्रम के संस्कार विवाह को कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए ही हुआ था। समिति अपने स्थापना काल से ही विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा का संकलन करके समाज के लोगों को उपलब्ध करा रही है एवं विवाह संबंधों को मूर्त रूप देने में सहयोग प्रदान कर रही है। इस ईश्वरीय कार्य में अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए समिति 2004 से लगातार वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन कर रही है। यह समिति का 17वां वैवाहिक परिचय सम्मेलन है।
विनोद कुमार केडिया, कार्यक्रम संयोजक

वर्तमान में एकल परिवार का चलन होने एवं समय के अभाव से वैवाहिक समस्याओं में निरंतर वृद्धि हो रही है जिसके कारण परिचय सम्मेलन की स्वीकार्यता एवं उपयोगिता में दिन प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। परिचय सम्मेलन में सम्मिलित होने वाले युवक-युवतियों एवं अभिभावकों को अपने मनपसंद रिश्ता ढूंढने में बहुतायत में विकल्प उपलब्ध हो जाते हैं। मारवाड़ी सेवा समिति की ओर से आयोजित वैवाहिक परिचय सम्मेलन मारवाड़ी समाज के लोगों के लिए बहुत ही उपयोगी साबित होती है। अबतक हजारों युवक युवतियां सम्मेलन के माध्यम से विवाह के बंधन में बंध चुके हैं।
शिव कुमार छापड़िया, निवर्तमान अध्यक्ष
विज्ञापन

विवाह योग्य युवक और युवतियों के लिए बायो डाटा की भरमार

आधुनिकता के दौर में इंटरनेट पर शादी की विभिन्न वेबसाइट्स पर सभी धर्म व जाति के विवाह योग्य युवक और युवतियों के लिए बायो डाटा की भरमार होती है। लेकिन मारवाड़ी सेवा समिति की ओर से आयोजित वैवाहिक परिचय सम्मेलन के स्मारिका में प्रकाशित मारवाड़ी समाज के युवक और युवतियों के बायो डाटा के साथ ही दोनों पक्षों को आमने सामने मिलवाया जाता है। दोनों पक्षों के आमने सामने होने से विवाह की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। जो इंटरनेट से नहीं होती। मारवाड़ी समाज के उत्थान के लिए वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाता है।
नीलम वासनीवाल, सदस्य मारवाड़ी सेवा समिति

मारवाड़ी सेवा समिति की ओर से वैसे समाज के उत्थान के लिए तमाम कार्य किए जाते हैं लेकिन वैवाहिक परिचय सम्मेलन सभी आयोजनों से खास होता है। इस कार्यक्रम में पूरे पूर्वांचल में रहने वाले मारवाड़ी समाज के लोगों की सहभागिता होती है। इसके साथ ही बिहार के कुछ जिलों के भी लोग कार्यक्रम में शामिल होते हैं। हर साल 30 से 40 प्रतिशत युवक युवतियों की शादी इस परिचय सम्मेलन के माध्यम से हो जाती है जो अपने आप में एक बड़ी बात है। समिति आगे भी वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन करती रहेगी।
- सुमन छापड़िया, कार्यक्रम सह संयोजक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें