गोरखपुर। गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। कुल 87 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें 1,757 फेरों में चलाई जा रही हैं। इनमें 58 ट्रेनें 932 फेरों में विभिन्न स्टेशनों से व 29 ट्रेनें 825 फेरों में संचालित हो रही हैं। गोरखपुर से नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, वड़ोदरा, हैदराबाद, गुवाहाटी और ऋषिकेश समेत कई प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।
इसके अलावा बनारस, छपरा, मऊ, आजमगढ़ और काठगोदाम जैसे स्टेशनों से भी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेल प्रशासन ने स्टेशनों पर पेयजल, वाटर कूलर, पंखे, प्रकाश और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, वार रूम और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि वे अधिकृत वेंडरों से ही खानपान सामग्री खरीदें और सुरक्षित यात्रा के नियमों का पालन करें। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर और एटीवीएम की व्यवस्था भी की जा रही है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं से बचें और रेल मदद पोर्टल का उपयोग कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। यात्रियों के सहयोग के लिए रेल मदद पोर्टल 24 घंटे कार्यरत है।