गोरखपुर जिले में बड़हलगंज के बेलीपार इलाके में खुद को सेल्स टैक्स अफसर बताकर ट्रक पर लदी 150 बोरी सुपारी पुलिस ने बरामद कर ली है। ट्रक चालक और खलासी को बंधक बनाकर लूट करने के आरोपितों की निशानदेही पर बड़हलगंज पुलिस ने खंडहर हो चुके एक मकान से बरामदगी की। आरोपितों के खिलाफ डकैती और धोखाधड़ी की धारा में केस दर्ज है।
बलिया के गड़वार निवासी आरोपित सिंटू पांडेय और कल्लू पंडित को पुलिस ने रिमांड पर लिया था। पुलिस के मुताबिक, घटना 28 मई 2019 की रात को हुई थी। असम से नागपुर लेकर जा रहे ट्रक चालक महेश शर्मा व खलासी को खुद को सेल्स टैक्स अफसर बताकर बदमाशों ने रोका था। चेकिंग के बहाने दोनों को बंधक बना लिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। बदमाश ने काफी देर घूमाने के बाद चालक व खलासी को बड़हलगंज के तरैना पुल के पास छोड़ दिया दिया था। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने बीस बोरी सुपारी व ट्रक को बरामद कर लिया था।
बड़हलगंज के थानेदार रामाज्ञा सिंह ने बताया कि आरोपितों को बृहस्पतिवार को रिमांड पर लिया गया था। उनकी निशानदेही पर बजरंग तिराहा के पास स्थित खंडहर हो चुके एक मकान से 150 बोरी सुपारी बरामद कर ली गई। आरोपितों पर धोखाधड़ी और डकैती का केस दर्ज था।