- पुलिस ने नाव से घंटों नदी में की तलाश, सुबह एनडीआरएफ चलाएगी अभियान
उरुवा बाजार। बेलघाट थाना क्षेत्र के कटया गांव निवासी धर्मेंद्र निषाद की 15 वर्षीय पुत्री आरुषि निषाद के घाघरा नदी में डूबने की आशंका है। सूचना मिलने के बाद बेलघाट पुलिस ने नाव की मदद से घंटों नदी में उसकी तलाश की लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। अब बृहस्पतिवार सुबह एनडीआरएफ की टीम नदी में तलाश अभियान चलाएगी।
जानकारी के अनुसार, आरुषि कटया बाजार स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। परिजन के मुताबिक, वह रोज की तरह दोपहर करीब एक बजे स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटी थी। घर आने के बाद उसने कपड़े बदले और इसके बाद घाघरा नदी की तरफ चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर नदी में डूबने की आशंका जताई गई। परिजन की सूचना पर बेलघाट पुलिस मौके पर पहुंची और नाव के जरिये नदी में किशोरी की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने काफी देर तक नदी के आसपास और संभावित स्थानों पर खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान रोकना पड़ा। थाना प्रभारी श्यामदेव चौधरी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। टीम नदी में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाएगी।