गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश सत्र 2025-26 के लिए आयोजित शोध पात्रता परीक्षा (रेट) के अगले चरण के तहत साक्षात्कार की प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो रही है। साक्षात्कार में लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साथ-साथ ''''छूट प्राप्त श्रेणी'''' और अंशकालिक शोध के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भी शामिल होंगे। अभ्यर्थी अपने विभाग के नोटिस बोर्ड या विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर इस संबंध में विस्तृत सूचना प्राप्त कर सकते हैं।
डीडीयू में सत्र 2025-26 में पीएचडी की कुल 1011 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इनके तहत फुलटाइम की 866, पार्टटाइम की 55 और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों की 90 सीटों पर प्रवेश होना है। इसके लिए मार्च में आयोजित लिखित परीक्षा में 2343 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। उनमें से मेरिट और पात्रता मानकों के आधार पर कुल 1,339 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अर्ह घोषित किया गया है।
एडमिशन सेल के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि सभी अर्ह अभ्यर्थी अपने साथ मूल शैक्षणिक दस्तावेज, उनकी छायाप्रतियां, और अपने शोध प्रस्ताव की प्रतियां लेकर संबंधित विभाग में निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित हों। साक्षात्कार की प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शोध अभिरुचि और विषय के ज्ञान का आकलन किया जाएगा।