गोरखपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को एमएसआई इंटर कॉलेज बक्शीपुर में जिले के 11 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने सभी शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में तीन प्रधानाचार्य, एक प्रवक्ता, पांच सहायक अध्यापक और खेल के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले दो शारीरिक शिक्षक शामिल रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज और विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने का काम करते हैं। माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर और विशिष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान दूसरे शिक्षकों को भी अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
यह सम्मान पांच सितंबर को दिया जाना था लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण सम्मान समारोह सोमवार को आयोजित किया गया।