- दिव्यांग पेंशन में फर्जीवाड़ा : साल 2022 में गगहा ब्लॉक के बेलावरीभान निवासी ने आईजीआरएस पर की थी शिकायत
- जांच में अपात्र पाए जाने के बाद तत्कालीन अधिकारी ने सभी की रोक दी थी पेंशन
- कई बार नोटिस जारी करने के बाद भी नहीं लौटाई सरकारी धनराशि
गगहा। गगहा क्षेत्र में दिव्यांग पेंशन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बेलावीरभान गांव में एक ही परिवार के 11 सदस्यों ने फर्जी सर्टिफिकेट दिखाकर दिव्यांग पेंशन का लाभ उठाया। मामला उजागर होने के बाद अब प्रशासन इन सभी लाभार्थियों से 5 लाख 17 हजार 800 रुपये की वसूली करने का आदेश दिया है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कमलेश कुमार वर्मा के अनुसार, वर्ष 2022 में गगहा ब्लॉक के बेलावीरभान गांव निवासी राजीव चंद ने आईजीआरएस पोर्टल और प्रार्थनापत्र के माध्यम से शिकायत की थी। विभाग की ओर से जांच में पाया गया कि एक ही परिवार के रणधीर चंद, चित्रसेन चंद, अनूप प्रताप चंद, मुगाछि चंद, इंद्रसेन चंद, चंद्रसेन चंद, सीपी चंद, मीरा देवी, संदीप चंद, भीम चंद, वीरेंद्र चंद ने फर्जी दस्तावेज के सहारे पिछले सात वर्ष से सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जांच में अपात्र पाए जाने के बाद विभाग ने तत्काल लाभार्थियों की पेंशन रोक दी थी। इसके बाद बैंक खातों की ट्रांजेक्शन डिटेल खंगालकर कुल अवैध राशि का आकलन किया गया। विभाग की ओर से संबंधित अपात्रों को रुपये जमा करने के लिए कई बार नोटिस जारी किया गया लेकिन किसी भी लाभार्थी ने सरकारी धनराशि वापस नहीं की।
शिकायतकर्ता राजीव चंद ने वर्ष 2024 और 2025 में भी इसी मामले को लेकर दोबारा आईजीआरएस पर शिकायत की थी। इसके बाद अपात्रों के राशि न लौटाए जाने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया। जांच की पत्रावली जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने रिकवरी का आदेश दिया है।
इस संबंध में एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह का कहना है की आदेश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इन 11 लोगों से होगी वसूली
नाम रकम
रणधीर चंद 40,100
चित्रसेन चंद 47,400
अनूप प्रताप 40,400
मुगाछि चंद 39,700
इंद्रसेन चंद 37,900
चंद्रसेन चंद 40,900
सीपी चंद 40,900
मीरा देवी 37,900
संदीप चंद 56,400
भीम चंद 88,600
वीरेंद्र चंद 47,400
कुल धनराशि 5,17,800
गगहा के बेलावीर भान गांव के एक ही परिवार के 11 लोगों पर फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर दिव्यांग पेंशन का लाभ लेने की पुष्टि हुई है। इन लोगों से दिव्यांग पेंशन की रिकवरी कराने का आदेश दिया गया है।
- कमलेश कुमार वर्मा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी
आदेश की प्रति