पादरी बाजार उपकेंद्र से जुड़ा लक्ष्मीपुर फीडर भी तीन घंटे बंद रहा
तकनीकी खराबी से आई दिक्कत, परेशान रहे उपभोक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। राप्तीनगर ओल्ड उपकेंद्र के रामजानकी नगर फीडर में मंगलवार की भोर में 4:30 बजे अचानक तेज आवाज से साथ धमाका हुआ। फीडर में ब्लास्ट होने से उपकेंद्र को बंद करना पड़ा। इससे 10 हजार घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली निगम के अभियंताओं के मुताबिक, सुबह 7:30 बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी।
पादरी बाजार उपकेंद्र से जुड़ा लक्ष्मीपुर फीडर भी रात एक बजे से तीन बजे तक बंद रहा। इससे डेढ़ हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल रही। राप्तीनगर ओल्ड उपकेंद्र से कृष्णानगर सेक्शन जुड़ा है। इससे रामजानकी नगर फीडर संचालित होता है।
भोर में 4:30 बजे फीडर में धमाका हुआ और राप्तीनगर ओल्ड उपकेंद्र बंद हो गया। अवर अभियंता दिनेश जायसवाल ने बताया कि उपकेंद्र बंद होने की जानकारी मिलते ही बिजलीकर्मी सुधार कार्य में जुट गए थे।
वहीं, पादरी बाजार उपकेंद्र से जुड़े लक्ष्मीपुर फीडर से सुबह आठ बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी। अधिशासी अभियंता राप्तीनगर अविनाश गौतम ने बताया कि बिजली घर में तकनीकी फाल्ट से आपूर्ति गुल हो गई थी।