महिलाकर्मियों की सुरक्षा को लेकर शहर में पुलिस ने करीब 100 हॉट स्पॉट चिह्नित किया है। इसमें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, स्कूल, कॉलेज, बड़े मॉल व संस्थान शामिल हैं। जहां पर पेट्रोलिंग के साथ ही पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इस तरह से शहर का हर क्षेत्र जहां महिलाओं और लड़कियों की भीड़ लगती है, वहां पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शहर में 250 लोकेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसका कंट्रोल रूम महिला थाने में बनाया गया है। कंट्रोल रूम से बैठकर पुलिसकर्मी सीसीटीवी कैमरों की मदद से सभी लोकेशन की निगरानी करते हैं। कहीं भी किसी घटना पर इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने को देते हैं। हॉट-स्पॉट वाले स्थानों को भी कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
पुलिस को रात में कॉल सेंटर, स्वास्थ्य संस्थानों, कार्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, माल, सिनेमा घर, होटल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा की सूची बनाकर सुरक्षा प्रबंध करने का निर्देश दिया गया है। इन मार्गों में संवेदनशील स्थान चिह्नित कर वहां यूपी 112 की पीआरवी तैनात की जा रही है।
काल सेंटर, ऑफिस व अन्य स्थलों पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों को महिला सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं के प्रति सतर्क किए जाने, कार्यस्थल के चालकों व महत्वपूर्ण व्यक्तियों से गोष्ठी कर संवाद भी बनाया जा रहा है।
महिलाओं को बिना भय के हिंसा, उत्पीड़न व सुरक्षा से जुड़ी शिकायत करने के लिए शिक्षित किया जाना है। इसके लिए हर थाना क्षेत्र में टीमें पहले से काम कर रही हैं। पुलिस टीम बाजार, स्कूलों, पार्क और अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाकर यूपी 112, 1090 और 181 समेत अन्य हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार प्रसार कर रही है।
स्वास्थ्य संस्थानों पर महिला व अन्य कर्मियों से हिंसा और बदसलूकी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसको लेकर सभी जिले के डीएम, एसएसपी, एसपी और सीएमओ समेत अन्य विभागों के अध्यक्ष को सीएम द्वारा निर्देशित किया गया है।
एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि शहर में अभी 100 स्थान चिह्नित किए गए हैं। जहां पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही पुलिस जवान भी तैनात किए जा रहे हैं। रात के समय भी पिकेट लगाकर चेकिंग और सूनसान इलाकों में पुलिस की पेट्राेलिंग बढ़ा दी गई है।