संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें खराब श्रेणी प्रदर्शित करने वाले विभाग व कार्यों से संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि कार्यों में गुणात्मक प्रगति लाते हुए बेहतर परफॉर्मेंस बनाए रखें। इस दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि शत- प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिले, यह सुनिश्चित कराया जाए।
समीक्षा के दौरान डीएम ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, दैनिक विद्युत आपूर्ति घंटे में ग्रामीण क्षेत्रों में सुधार, उपभोक्ताओं के विद्युत बिल सुधार के प्रकरणों में पेंडेंसी जीरो करने, जनपद के विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन अथवा कनेक्शन शिफ्टिंग आदि के प्रकरणों का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल निस्तारित कराने, जनपद में फैमिली आईडी बनाने की प्रगति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लंबित आवेदनों को परीक्षणोंपरान्त निस्तारण करन के निर्देश दिएद्ध
उन्होंने पाइप्ड पेयजल योजना से आच्छादित समस्त ग्राम पंचायतों में लाभार्थियों को शत प्रतिशत पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराते हुए डाटा की फीडिंग कराने सहित अन्य विकास विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने विकास कार्यों से संबंधित समस्त विभागों द्वारा सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित होने वाले फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से आंकड़ेवार जानकारी प्राप्त करते हुए दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया, जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके पांडेय, डीपीआरओ मनोज कुमार, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, बीएसए अमित सिंह आदि उपस्थित रहे।