10 ट्रेनों से आए 12093 श्रमिक अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। लॉकडाउन में फंसे श्रमिकों और उनके परिवार वालों को लेकर विभिन्न स्थानों से 15 श्रमिक स्पेशल बृहस्पतिवार को पहुंची। इन ट्रेनों से 12093 यात्री उतरे। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराकर उन्हें बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। किसी भी यात्री में कोरोना का लक्षण नहीं पाया गया। जीआरपी कंट्रोल रूम के मुताबिक सबसे पहली ट्रेन सुबह 7ः30 बजे सूरत से 1580 यात्रियों को लेकर श्रमिक स्पेशल आई। रात 10 बजे तक स्टेशन पर 10 ट्रेनें आ चुकी थीं, जिनसे 12093 यात्री आए। दो ट्रेनें अभी गोंडा और बस्ती के बीच चल रहीं थीं, जिनके देर रात पहुंचने की संभावना है। यात्रियों को प्लेटफॉर्म जीआरपी की ओर से लाई का पैकेट, बिस्किट, पानी की बोतलें दी गई तो बस में चढ़ने के पहले जिला प्रशासन की ओर से भोजन का पैकेट और पानी मुहैया कराया गया। - सांसद कमलेश ने कराया भोजन सांसद कमलेश पासवान ने प्रवासियों को कराया भोजन सांसद कमलेश पासवान ने ओम प्रकाश पासवान की स्मृति में सिटी हास्पिटल और पैनेशिया लाइफ केयर के सहयोग से प्लेटफार्म नंबर दो पर उतरे श्रमिकों को भोजन कराया। उनकी ओर से लस्सी, केक, बिस्किट, फल और मिष्ठान आदि का भी वितरण किया गया। सांसद ने कहा कि प्रवासियों के लिए लगातार भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। इस मौके पर डा. आशुतोष कुमार मल्ल, रितु पासवान, डा. शिल्पा मल्ल, डा. प्रमोद सिंह, डा. अब्बास रिजवी, सुनील पासवान, मनी सिंह, गोविंद मिश्र और श्रीराम पांडेय आदि मौजूद थे। - आज आएंगी 11 ट्रेनें शुक्रवार को 11 ट्रेनें श्रमिकों को लेकर आएंगी। जिसमें पूणे से चार, मुुंबई सीएसटी, सूरत, विशाखापट्टनम, अहमदाबाद, लुधियाना, राजकोट, गाजियाबाद, अहमदाबाद से एक-एक ट्रेनें आएंगी।