गोरखपुर जिले के कैंट इलाके के इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी के पास सोमवार को सीआरपीएफ जवान का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1.50 लाख रुपये जालसाज ने उड़ा दिए। मंगलवार को पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही।
जानकारी के मुताबिक, खोराबार के जंगल अयोध्या प्रसाद टोला सेमरी निवासी जैकी निषाद सीआरपीएफ में तैनात हैं। उनकी पोस्टिंग वर्तमान में छत्तीसगढ़ में है। वह इस समय गांव आए हैं। सोमवार को उनके पिता उनका एटीएम लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने आए थे।
उन्होंने 10 हजार रुपये निकाले। दोबारा जब रुपये निकालने लगे तो नेटवर्क चला गया और उनके बेटे के मोबाइल फोन पर ओटीपी आ गया। बेटे ने ओटीपी बता दिया, इधर एटीएम के केबिन में मौजूद दो युवकों ने जवान के पिता के हाथ से कार्ड बदल दिया।
आरोप है कि जालसाजों ने इसके बाद कई बार में डेढ़ लाख निकाल लिए। जवान ने मंगलवार को एटीएम कार्ड ब्लॉक कराकर कैंट थाने व पुलिस चौकी पर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।