पहाड़ वही हैं, समुद्र वही है, लेकिन अब इन जगहों पर घूमने वालों की पसंद बदल गई है। जेन-जी भीड़ से भरे फेमस टूरिस्ट स्पॉट को पंसद नहीं कर रहें हैं। उन्हें अब ऐसी जगहें आकर्षित कर रही हैं, जिसके बारे में अभी इंटरनेट पर ज्यादा जानकारी नहीं है। सोशल मीडिया के दौर में एक रील किसी अनजान गांव, कैफे या झरने को रातों-रात फेमस बना देती है और ये युवा अब उन जगहों की तलाश में निकल पड़े हैं, जो अभी भी "Best-Kept Secrets" बनी हुईं हैं।
-
90 फीसदी जेन-जी ऐसी जगहों पर जाना चाहते हैं, जिनकी ऑनलाइन चर्चा न हुई हो।
-
49 फीसदी किसी डेस्टिनेशन को उसके लोकप्रिय होने से पहले ही देख लेना चाहते हैं।
-
80 फीसदी युवा मानते हैं कि यात्रा की असली यादें वहां की छोटी-छोटी चीजों से बनती हैं।
-
64 फीसदी जेन-जी यात्री अपनी ट्रिप पहले से प्लान नहीं करते। वे कभी भी निकल जाते हैं।
जेन-जी ‘Main Character Energy" नियम को मानती है। इसका मतलब है कि व्यक्ति खुद को अपनी कहानी का मुख्य किरदार महसूस करे। Gen-Z ट्रैवल के दौरान यही एहसास ढूंढते हैं।
क्या है 'Anti-Tourist Summer' ट्रेंड?
भारत में भी ऑफ-सीजन ट्रैवल का चलन बढ़ रहा है। Booking.com की रिपोर्ट के अनुसार, 71 फीसदी भारतीय यात्री भीड़ से बचने के लिए ऑफ-सीजन में घूमना पसंद करते हैं। यही कारण है कि Airbnb ने इन्हें 'Anti-Itinerary Travellers' नाम दिया है। सोशल मीडिया में इसे 'Anti-Tourist Summer' ट्रेंड कहते हैं। यानी ऐसी छुट्टियां, जहां मकसद सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि भीड़ से दूर किसी छिपे हुए खजाने जैसी जगह को खोजना हो।
आइए जानते हैं Gen Z के कुछ पसंदीदा Offbeat Destinations के बारे में...
जीरो वैली, अरुणाचल प्रदेश: कल्पना करिए...चारों ओर हरे-भरे खेत, धुंध से ढके पहाड़ और प्रकृति की आवाजें। जीरो वैली सिर्फ एक डेस्टिनेशन नहीं, बल्कि एक एहसास है। यहां की अपतानी जनजाति की संस्कृति और मशहूर Ziro Music Festival इसे युवाओं का पसंदीदा बनाते हैं। यह उन लोगों के लिए है, जो प्लेलिस्ट और पहाड़ों का परफेक्ट कॉम्बिनेशन चाहते हैं।
माजुली, असम : ब्रह्मपुत्र नदी के बीच बसा यह द्वीप आपको शहर की भागदौड़ से बिल्कुल अलग दुनिया में ले जाता है। यहां की सुबह धीमी है, शाम सुकून भरी हैं और हर मोड़ पर संस्कृति की झलक मिलती है। अगर आप "Slow Travel" का असली मतलब समझना चाहते हैं, तो माजुली आपके लिए है।
तीर्थन वैली, हिमाचल प्रदेश: जब मनाली और शिमला भीड़ से भर जाएं, तो रास्ता तीर्थन वैली की ओर मुड़ जाता है। यहां बहती नदी, लकड़ी के छोटे-छोटे होमस्टे और शांत माहौल आपको स्क्रीन से दूर और प्रकृति के करीब ले आते हैं। ट्रैकिंग और कैंपिंग के शौकीनों के लिए यह किसी जन्नत से कम नहीं है।
चोपता, उत्तराखंड: अगर आपको लगता है कि स्विट्जरलैंड जाने के लिए पासपोर्ट जरूरी है, तो शायद आप गलत हो सकते हैं। स्विट्जरलैंड जैसा नजारा आप भारत में भी देख सकते हैं। जगह का नाम है चोपता। हरे बुग्याल, बर्फीली चोटियां और तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रैक का रोमांच इसे युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय बना रहा है।
गुरेज वैली, कश्मीर: अगर आपकी ट्रैवल फीड एक जैसे पहाड़ों वाली तस्वीरों से भर चुकी है, तो गुरेज वैली आपके लिए बिल्कुल अलग अनुभव हो सकती है। कश्मीर की यह खूबसूरत घाटी अभी भी बड़े पैमाने पर पर्यटन से अछूती है, इसलिए यहां प्रकृति अपने असली रूप में नजर आती है। ऊंचे पहाड़, नीली नदियां और शांत माहौल इसे जेन-जी के बीच तेजी से लोकप्रिय बना रहे हैं। जो युवा भीड़भाड़ वाले टूरिस्ट स्पॉट्स के बजाय अनदेखी और कम चर्चित जगहों को एक्सप्लोर करना चाहते हैं, उनके लिए गुरेज वैली एक परफेक्ट "Hidden Gem" बनकर उभर रही है।
आखिर क्यों Offbeat Destinations की तरफ खिंचे चले जा रहे हैं Gen Z?
1. सिर्फ घूमना नहीं, जगह को महसूस करना चाहते हैं Gen Z
आज के युवा सिर्फ फोटो क्लिक करने के लिए यात्रा नहीं करते। वे किसी जगह की संस्कृति, लोगों और लोकल जीवन को करीब से जानना चाहते हैं। वह होमस्टे में रहना, लोकल खाना खाना या गांव की जिंदगी को देखना, उन्हें ज्यादा आकर्षित करता है। यही असली और यादगार अनुभव उन्हें ऑफबीट जगहों पर मिलते हैं।
2. कम बजट में ज्यादा एक्सपीरियंस
जेन-जी ट्रैवल तो करना चाहती है, लेकिन बिना जेब पर ज्यादा बोझ डाले। ऑफबीट डेस्टिनेशन में रहने, खाने और घूमने का खर्च अक्सर कम होता है। ऐसे में कम पैसे में ज्यादा अनुभव मिल जाते हैं, जो युवाओं के लिए बड़ा आकर्षण है।
3. सोशल मीडिया पर सबसे अलग दिखने की चाह
हर कोई वही तस्वीर पोस्ट नहीं करना चाहता, जो हजारों लोग पहले ही कर चुके हैं। जेन-जी ऐसी जगहों की तलाश में रहती है जो नई हों, अनदेखी हों और सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच सकें। यही वजह है कि Hidden Gems तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
4. पर्यावरण का भी रखती है ध्यान
नई पीढ़ी सिर्फ घूमने नहीं, बल्कि जिम्मेदारी से घूमने में भी विश्वास रखती है। कम भीड़ वाले और प्रकृति के करीब डेस्टिनेशन पर्यावरण पर कम दबाव डालते हैं। इसलिए कई युवा ऐसे स्थानों को चुन रहे हैं, जहां Sustainable Tourism को बढ़ावा मिलता है।
5. एडवेंचर और नई कहानियों का रोमांच
जेन-जी के लिए ट्रैवल का मतलब सिर्फ Sightseeing नहीं है। वे ट्रैकिंग, कैंपिंग, लोकल कल्चर को एक्सप्लोर करना और नई-नई चीजें आजमाना उन्हें ज्यादा पसंद है। ऑफबीट डेस्टिनेशन हर बार कुछ नया और अनोखा अनुभव देते हैं, जो इस पीढ़ी को बार-बार आकर्षित करता है।