समर वेकेशन में जेन-जी अब केवल सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग पर समय नहीं बिता रही, बल्कि भविष्य के करियर के लिए नई स्किल्स सीखने पर ध्यान दे रही है। उनका मानना है कि लगातार नई स्किल्स सीखना ही करियर ग्रोथ और बेहतर अवसरों की कुंजी है।
समर वेकेशन चल रहा है... और जेन-जी के सामने वही पुराने सवाल हैं। वो नेटफ्लिक्स, गेमिंग और इंस्टाग्राम स्क्रॉलिंग में छुट्टियां निकालें या कुछ ऐसा सीखें जो फ्यूचर में कमाई भी कराए? खास बात यह है कि जेन-जी दूसरे विकल्प को चुन रही है। Naukri.com के आंकड़े बताते हैं कि जेन-जी सिर्फ मोटी सैलरी नहीं, बल्कि ऐसी स्किल्स चाहते हैं जो उन्हें आने वाले समय के लिए तैयार करें।
यही वजह है कि इस बार की छुट्टियों में कई युवाओं ने ग्राफिक डिजाइनिंग, डिजिटल मार्केटिंग, एनीमेशन और फॉरेन लैंग्वेज जैसे कोर्सों में अपनी रुचि दिखा रहे हैं। आइए जानते हैं आखिर कौन-से कोर्स जेन-जी की पहली पसंद बन रहे हैं। इसके साथ ही कैसे ये स्किल्स उनके करियर को नई उड़ान दे सकती हैं?
1) Gen Z का नया ऑब्सेशन: AI और फ्यूचर-रेडी स्किल्स
जेन-जी के बीच मौजूदा वक्त में सबसे ज्यादा जिस स्किल कोर्स की चर्चा है, वह है AI (Artificial Intelligence)। एक समय था जब इंटरनेट सीखना जरूरी हो गया था, उसी तरह आज AI को समझना नई पीढ़ी के लिए एक सुपर स्किल बन चुका है। Gen Z की खास बात यह है कि वह बदलाव का इंतजार नहीं करती, बल्कि उसे अपनाती है। यही वजह है कि आज के युवा AI को सिर्फ एक टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि अपने करियर और भविष्य को अपग्रेड करने का टूल मान रहे हैं। चाहे असाइनमेंट जल्दी पूरा करना हो, कंटेंट बनाना हो, नई चीजें सीखनी हों या नौकरी में बेहतर प्रदर्शन करना हो। AI हर जगह मददगार साबित हो रहा है। Coursera की Global Skills Report के मुताबिक, Generative AI से जुड़े कोर्सों में 1060% की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
2) ग्राफिक डिजाइनिंग: रील्स से आगे, अब डिजाइन पर फोकस
अगर आप भी उन लोगों में से हैं, जिन्हें पोस्टर, लोगो, इंस्टाग्राम पोस्ट या किसी ब्रांड का शानदार डिजाइन देखकर लगता है, ‘काश, ये मैंने बनाया होता’, तो ग्राफिक डिजाइनिंग आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। जेन-जी के बीच यह कोर्स तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। वजह है इसमें क्रिएटिविटी के साथ कमाई के भी कई मौके हैं। ग्राफिक डिजाइनर तस्वीरों, रंगों, टेक्स्ट और डिजाइन की मदद से ऐसे विजुअल तैयार करते हैं, जो लोगों का ध्यान खींचें और किसी मैसेज को आसानी से समझा सकें। अच्छी बात यह है कि इस स्किल को सीखने के लिए साल नहीं लगते। समर वेकेशन के दौरान 2 से 3 महीने का कोर्स करके इसकी बुनियादी जानकारी हासिल की जा सकती है। इसमें Photoshop, Adobe Illustrator और CorelDRAW जैसे लोकप्रिय सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल सिखाया जाता है, जो आज लगभग हर डिजाइनिंग इंडस्ट्री में काम आते हैं। यही वजह है कि क्रिएटिव सोच रखने वाले और डिजाइनिंग में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए ग्राफिक डिजाइनिंग का कोर्स इस समर वेकेशन की सबसे पसंदीदा स्किल्स में से एक बनकर उभर रहा है।
4) एनीमेशन: रील्स और गेम्स की दुनिया से निकलकर सीख रहे VFX
जिन युवाओं को कार्टून, गेमिंग, VFX या एनिमेटेड फिल्में पसंद हैं। उनके लिए एनीमेशन इस समर वेकेशन का सबसे दिलचस्प कोर्स साबित हो सकता है। यहां सिर्फ थ्योरी नहीं, बल्कि अपनी कल्पना को हकीकत में बदलना सिखाया जाता है। एक कैरेक्टर कैसे बनता है। वह स्क्रीन पर कैसे चलता है और एक कहानी को विजुअल रूप कैसे दिया जाता है। यह सब एनीमेशन का हिस्सा है। 2D और 3D एनीमेशन के साथ कई आधुनिक टूल्स और सॉफ्टवेयर भी सीखने को मिलते हैं। जेन-जी के लिए इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें क्रिएटिविटी की कोई सीमा नहीं होती। आप अपने आइडियाज के साथ एक्सपेरिमेंट कर सकते हैं और खुद का कंटेंट तैयार कर सकते हैं। शायद यही कारण है कि इस बार की छुट्टियों में कई युवाओं ने एनीमेशन को सिर्फ एक कोर्स नहीं, बल्कि अपनी क्रिएटिव जर्नी की शुरुआत के तौर पर चुनने का फैसला किया है।
5) फॉरेन लैंग्वेज: जेन-जी का नया 'ग्लोबल स्किल' ट्रेंड
अगर आप फ्रेंच में "Bonjour" या स्पेनिश में "Hola" बोलना सीख रहे हैं, तो आप अकेले नहीं हैं। इस समर वेकेशन बड़ी संख्या में युवाओं ने विदेशी भाषाओं के कोर्स को चुना। जेन-जी के लिए फॉरेन लैंग्वेज सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि एक नई स्किल है। विदेश में पढ़ाई से लेकर ग्लोबल कंपनियों में नौकरी तक, कई जगह विदेशी भाषा का ज्ञान युवाओं को फायदा पहुंचाता है। यही नहीं, नई भाषा सीखने से अलग-अलग देशों के लोगों और उनकी संस्कृति को समझना भी आसान हो जाता है। फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, चाइनीज और अरबी जैसी भाषाओं के शॉर्ट-टर्म कोर्स युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं। क्योंकि आज की जेन-जी जानते हैं कि कभी-कभी करियर में आगे बढ़ने के लिए सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि एक नई भाषा भी काम आ सकती है।
6) वेबसाइट डिजाइन: सिर्फ चलाना ही नहीं, बनाना भी सीख रहे जेन-जी
हर दिन हम किसी न किसी वेबसाइट पर जाते हैं। लेकिन इस समर वेकेशन कई युवाओं ने वेबसाइट इस्तेमाल करने से एक कदम आगे बढ़कर उसे बनाना सीखने का फैसला कर सकते हैं। वेब डिजाइनिंग ऐसा कोर्स है, जिसमें क्रिएटिविटी और टेक्नोलॉजी दोनों का कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है। इसमें सिखाया जाता है कि वेबसाइट को आकर्षक कैसे बनाया जाए, यूजर्स के लिए आसान कैसे रखा जाए और उसमें नए फीचर्स कैसे जोड़े जाएं। आज के डिजिटल दौर में लगभग हर बिजनेस को अपनी ऑनलाइन पहचान की जरूरत है। ऐसे में वेब डिजाइनिंग और डेवलपमेंट सीखना युवाओं के लिए एक ऐसा विकल्प बन रहा है, जो भविष्य में करियर और फ्रीलांसिंग दोनों के रास्ते खोल सकता है। शायद यही वजह है कि इस बार की छुट्टियों में जेन-जी सिर्फ वेबसाइट्स ब्राउज नहीं कर रही, बल्कि उन्हें डिजाइन करना भी सीख रही है।