लेकिन इस चमक-दमक के पीछे एक बड़ी कीमत भी छिपी है। इसकी कीमत पर्यावरण को चुकानी पड़ती है और उन लोगों को भी, जो कपड़े बनाते हैं। वहीं, अब Gen-Z के बीच फैशन को लेकर सोच बदल रही है। थ्रिफ्टिंग, प्री-लव्ड कपड़े, अपसाइक्लिंग और सस्टेनेबल फैशन जैसे ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। अब Gen-Z के लिए सिर्फ स्टाइलिश दिखना ही काफी नहीं है, बल्कि यह जानना भी जरूरी हो गया है कि कपड़े कहां बने, कैसे बने और कितने समय तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
सस्टेनेबल फैशन अपनाने में क्या परेशानी है?
सस्टेनेबल फैशन अपनाने की इच्छा रखना और असल जिंदगी में उसे अपनाना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। कई बार थ्रिफ्ट स्टोर से खरीदे गए कपड़े भी उम्मीद से महंगे पड़ जाते हैं। अच्छी क्वालिटी और जिम्मेदारी से बनाए गए कपड़ों की कीमत स्टूडेंट्स के बजट से बाहर हो सकती है। इसके अलावा, यह पहचानना भी आसान नहीं है कि कौन-सा ब्रांड सच में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार है और कौन सिर्फ अपने प्रोडक्ट को बेचने के लिए ग्रीन होने का दावा कर रहा है।
युवाओं की इस सोच और उनकी चुनौतियों को समझने के लिए संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) और Youth Ki Awaaz ने 'Choice Par Charcha' नाम से एक सर्वे किया।
- 47 फीसदी प्रतिभागियों ने माना कि महंगी कीमतें उन्हें जिम्मेदारी से खरीदारी करने से रोकती हैं।
- 25 फीसदी लोगों के लिए यह पता लगाना मुश्किल है कि कोई प्रोडक्ट नैतिक तरीके से बनाया गया है या नहीं।
- 22 फीसदी युवाओं को ऐसे प्रोडक्ट बेचने वाली दुकानें या जगहें ढूंढने में परेशानी होती है।
- 50 फीसदी लोगों के लिए प्रोडक्ट पर उसकी क्वालिटी, निर्माण और पर्यावरण से जुड़ी जानकारी साफ-साफ लिखी होनी चाहिए।
- 48 फीसदी युवाओं ने सस्टेनेबल प्रोडक्ट्स को ज्यादा किफायती बनाने की जरूरत बताई।
- कपड़ों की बात करें तो 36 फीसदी प्रतिभागियों ने इसे ऐसी कैटेगरी माना, जहां पर्यावरण और कपड़े बनाने वाले कामगारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे अहम हैं।
सोशल मीडिया तय कर रहा Gen-Z का फैशन स्टाइल?
सस्टेनेबल फैशन और थ्रिफ्टिंग को युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने में सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका है। इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंटेंट क्रिएटर्स थ्रिफ्ट शॉपिंग के वीडियो, पुराने कपड़ों को नया लुक देने के तरीके, अपसाइक्लिंग के आइडिया और देसी ब्रांड्स के कलेक्शन दिखा रहे हैं। इससे युवाओं को पारंपरिक शॉपिंग के अलावा फैशन के नए विकल्पों के बारे में भी पता चल रहा है।
CSR Journal ने इस बदलाव का जिक्र किया। इसके मुताबिक, 18 से 34 साल के युवा ऐसे ब्रांड्स को पसंद कर रहे हैं, जो उनकी पहचान, पर्सनल स्टाइल और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े हों। फैशन के नए ट्रेंड खोजने में कंटेंट क्रिएटर्स के वीडियो और इन्फ्लुएंसर्स की सलाह भी अहम भूमिका निभा रही है।
युवाओं का फैशन सिर्फ पुराने कपड़ों तक सीमित नहीं है। ओवरसाइज्ड स्ट्रीटवेयर, एथनिक फ्यूजन, देसी ब्रांड्स और सस्टेनेबल कलेक्शन भी उनके स्टाइल का हिस्सा बन रहे हैं।
Hindustan Times की एक रिपोर्ट में Gen-Z के फेस्टिव फैशन को लेकर भी इस बदलाव की झलक दिखाई दी। रिपोर्ट के मुताबिक, युवाओं के बीच विंटेज साड़ियों और थ्रिफ्ट से खरीदे गए कपड़ों का आकर्षण बढ़ रहा है। एक युवा खरीदार ने अपनी पसंद बताते हुए कहा, ‘यह ज्यादा पर्सनल लगता है और सबसे अच्छी बात यह है कि बिल्कुल ऐसा ही आउटफिट किसी और ने नहीं पहना होगा।’