फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' और 'रांझणा' के प्रमोशन के दौरान अलग-अलग मौकों पर सोनम कपूर कुछ अलग अंदाज में दिखीं। युवाओं की फैशन आइकन सोनम की ड्रेसिंग स्टाइल की कान महोत्सव में भले ही कितनी भी खिंचाई क्यों न हुई हो लेकिन पिछले कुछ दिनों से अपनी फिल्मों के प्रमोशन के दौरान सोनम की ड्रेसिंग सेंस ने फैशन क्रिटिक्स की जुबां पर ताला लगा दिया है।
अपनी फिल्मों के प्रमोशन के दौरान अलग-अलग चार मौकों पर सोनम के लुक में क्लासिक और देसी का कमाल का फ्यूजन दिखा। हाल में सोनम फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' के प्रमोशन के इवेंट पर डिजाइनर शेखोज़ अत्सु की डिजाइनर पीच साड़ी में नजर आईं। पीच और ब्लैक के कांबिनेशन की साड़ी, शीर ब्लाउज, न्यूड लिपस्टिक और क्लच्ड हेयरस्टाइल, सोनम कपूर का यह लुक इस सीजन के हिसाब से परफेक्ट है।
इससे पहले फिल्म 'रांझणा' के प्रमोशन के दौरान सोनम पूनम भगत की डिजाइनर ड्रेस में दिखीं। व्हाइट बेस पर रेड और ब्लैक का कांबिनेशन ट्रैडिशनल भी है और स्टाइलिश भी।
इसी फिल्म के प्रमोशन के दौरान सोनम ने अपनी सबसे पसंदीदा डिजाइनर अनामिका खन्ना का डिजाइन अनारकली सूट और लहंगा भी पहना। इस लुक में उनकी ड्रेसेज के अलावा उनका क्लासिक हेयरस्टाइल हॉलीवुड स्टार मार्लिन मुनरो के प्रसिद्ध लुक से काफी हद तक मिलता-जुलता दिखा।