फैशन में एक बार फिर मिरर वर्क ट्रेंड लौट आया है। इन दिनों कपड़ों से लेकर एक्सेसरीज में मिरर वर्क का ट्रेंड सभी को खूब लुभा रहा है। कपड़ों को लेकर महिलाओं की पसंद बदलती रहती है। मगर फैशन के इस बदलते दौर में कुछ ट्रैंड्स फिर से लौट आते हैं। उन्हीं फैशन ट्रेंड्स में से एक है, मिरर वर्क जो लौटकर वापस आया है। मिरर वर्क का फैशन काफी पुराना है, जो कि आपकी खूबसूरती में चार चांद लगाने के लिए काफी हैं। मिरर वर्क के आउटफिट्स की सबसे अच्छी बात है कि यह इंडियन वियर इंडो वेस्टर्न स्टाइल के साथ कैजुअल और पार्टी वियर लुक के लिए भी परफेक्ट है।
लहंगे में चार चांद
अगर आप कुछ हटकर दिखना चाहती तो मिरर वर्क लहंगा ट्राई करें। ये पूरी तरह से फेस्टिव वाइव देते हैं। इस तरह के लहंगे के साथ आप ओपन हेयर और सटल मेकअप कर सकती हैं। ताकि मिरर वर्क की खूबसूरती उभर कर आए।
मिरर वर्क कुर्ती
यदि आप ड्रेस पहनना ज्यादा पसंद नहीं करतीं तो लॉन्ग या शॉर्ट कुर्ती का चयन करें। आप नायरा कट कुर्ती या फ्रॉक वाली लॉन्ग कुर्ती भी पहन सकती हैं। इसके साथ आप बालों में बन बनाएं और कानों में हैवी ईयररिंग्स पहनें।
साड़ी
साड़ी सभी महिलाओं की पहली पसंद होती है। वहीं जब साड़ी मिरर वर्क के साथ हो तो उनकी खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जाती है। रात के इवेंट में यह साड़ी सच में आपकी खूबसूरती में चांद सी नहीं सितारों सी भी चमक देगी। आप इसे चोकर नेकलेस, मैचिंग चूड़िया और टॉप्स के साथ पहन सकती है। साथ ही आई मेकअप को थोड़ा बोल्ड रखें और न्यूड लिपस्टिक शेड आपको एक बोल्ड लुक देगी।
शरारा सूट
कंप्लीट ब्राइट कलर का मिरर वर्क वाला शरारा सेट भी आप खरीद सकती हैं। इससे आपकी खूबसूरती खुलकर नजर आएगी। आप बालों को कर्ल कर सकती है। इसके साथ सिल्वर ज्वेलरी खूब जचेंगी और लाइट मेकअप के साथ अपने लुक को कंप्लीट करें।
फुटवियर
इस बार मिरर वर्क फैशन ट्रेंड की खास बात है, इसमें आने वाले खूबसूरत फुटवियर। कपड़ों के अलावा फुटवियर भी खासे लोकप्रिय हो रहें हैं, जो कि आपके पैरों को भी खूबसूरत बनाएंगे।
जयकीर्ति सिंह, फैशन और टेक्सटाइल डिजाइनर
मिरर वर्क आजकल ट्रेंड में है और धूम भी मचा रहा है। ये ट्रेंड अपने अंदर आधुनिकता और रचनाकर्म को समेटे हुए है। इसमें आधुनिक शैली के साथ पारंपरिक भारतीय शिल्पकला का भी जोड़ है। मिरर वर्क कपड़े अनोखा चमकीला व विशेष लुक देते हैं। इसमें अलग-अलग आकार के शीशे से सजीवता और चमक आती है। ये काशीदाकारी अलग-अलग अवसरों के लिए उपयुक्त है, चाहे कैजुअल दिन के लिए हो या शादी, पार्टी के लिए। इसके साथ इंडो वेस्टर्न स्टाइल भी अच्छी तरह मेल खाते हैं। आजकल पूरी दुनिया में फैशन डिजाइनर इसको अपने-अपने अंदाज में इस्तेमाल कर रहे हैं। ये जूते, चप्पल, बैग, बेल्ट सब में इस्तेमाल हो रहा है।